Browsing: Chhattisgarh

रामानुजगंज के शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी ने छात्राओं की पढ़ाई को प्रभावित कर दिया है। भौतिक शास्त्र, जीव विज्ञान, अर्थशास्त्र, राजनीति शास्त्र, इतिहास, हिन्दी और संस्कृत जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं। स्थिति यह है कि छात्राओं को नियमित कक्षा में शिक्षक के बजाय YouTube और वीडियो लेक्चर के सहारे पढ़ाई करनी पड़ रही है। मामले को लेकर वार्ड क्रमांक-06 के पार्षद एवं जनभागीदारी समिति अध्यक्ष विकास गुप्ता ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की है।

मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान के तहत कैंसर पीड़िता प्रभा रवि को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिली। रामचंद्रपुर जनपद पंचायत कार्यालय में चेक प्रदान किया गया। सहायता मिलने पर पीड़िता ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और मंत्री रामविचार नेताम के प्रति आभार जताया।

छत्तीसगढ़ कैबिनेट ने AI मिशन समेत कई बड़े फैसलों को मंजूरी दी है। पांच साल में 500 करोड़ रुपये खर्च होंगे, 100 AI डेटा लैब और पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनेंगे। साथ ही भारी मशीन निर्माण संयंत्र, डिजिटल निर्माण प्रबंधन और सरकारी योजनाओं की राशि के केंद्रीकृत प्रबंधन को लेकर भी अहम निर्णय लिए गए।

बलरामपुर जिले के रामानुजगंज स्थित जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कथित वित्तीय अनियमितता की शिकायत की जांच करने मंगलवार को अपर कलेक्टर प्रमोद गुप्ता पहुंचे। टीम को कार्यालय के भंडार गृह का सत्यापन करना था, लेकिन संबंधित कर्मचारी के छुट्टी पर होने के कारण सत्यापन नहीं हो सका। अपर कलेक्टर ने कहा कि प्रारंभिक जांच में वित्तीय अनियमितता से जुड़ा मामला सामने आ रहा है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में वन विभाग और वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो की संयुक्त टीम ने हाथी दांत की कथित तस्करी के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। टीम ने नदी किनारे स्थित एक धर्मशाला के कमरे में दबिश देकर तीन हाथी दांत बरामद किए। पूछताछ के दौरान आरोपितों द्वारा अपराध स्वीकार करने की बात वन विभाग ने कही है। तीनों को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

रामानुजगंज के शासकीय लरंगसाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बालक एवं बालिका छात्रावास निर्माण की मांग को लेकर स्वामी विवेकानंद यूथ सर्कल और कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने आवाज उठाई है। युवा प्रतिनिधियों और विद्यार्थियों ने प्राचार्य के माध्यम से छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग को ज्ञापन भेजकर सुरक्षित एवं सुविधायुक्त छात्रावास की व्यवस्था जल्द करने की मांग की है।

श्रावण मास के पहले सोमवार को बलरामपुर जिले के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिरों में शिवभक्तों की कतार लगी रही और हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया। रामानुजगंज के कन्हर नदी तट स्थित प्राचीन शिव मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। वहीं कांवरियों ने कन्हर नदी से जल लेकर करीब 15 किलोमीटर की पैदल यात्रा शुरू की और तातापानी स्थित तपेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक किया।

बलरामपुर जिले के ग्राम धनपुरी निवासी ब्रजेश कुमार प्रजापति ने छत्तीसगढ़ व्यापमं की सब ऑडिटर परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है। 89 अंक प्राप्त कर ब्रजेश ने जिले में टॉप किया है। खेती-किसानी करने वाले परिवार से आने वाले ब्रजेश ने बिना किसी विशेष कोचिंग के सेल्फ स्टडी के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता युवाओं के लिए मेहनत और आत्मविश्वास की मिसाल बन गई है।

छत्तीसगढ़ सरकार ने एनालॉग पनीर और गैर-दुग्ध सामग्री से तैयार नकली डेयरी उत्पादों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए इनके निर्माण, भंडारण, परिवहन, वितरण और बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। गजट नोटिफिकेशन के साथ पूरे प्रदेश में लागू हुआ यह प्रतिबंध एक साल या FSSAI के अंतिम नियम आने तक प्रभावी रहेगा।

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सामरीपाठ थाना क्षेत्र में मवेशी तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी झारखंड के लातेहार जिले का रहने वाला है और घटना के बाद से फरार था। पुलिस के लगातार दबाव के बाद उसने 30 जुलाई को न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।