
बलरामपुर, विष्णु पांडेय। अपने 33वें जन्मदिन के अवसर पर रामानुजगंज नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 12 निवासी समाजसेवी अंकित गुप्ता ने जरूरतमंद बेटियों की शादी में सहयोग करने की सराहनीय पहल की है। उन्होंने नगरपालिका क्षेत्र के सभी वार्डों में ऐसी बेटियों की शादी के लिए 15 हजार रुपये तक के सामान का सहयोग करने की घोषणा की है, जिनके माता-पिता में से किसी एक या दोनों का निधन हो चुका है। यह सहयोग किसी धर्म या जाति तक सीमित नहीं होगा, बल्कि सभी धर्म और जाति के जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के लिए होगा।
अंकित गुप्ता ने मीडिया से बातचीत में बताया कि समाज में कई ऐसे परिवार हैं, जहां माता या पिता के निधन के बाद बेटियों की शादी की जिम्मेदारी परिवार के लिए मुश्किल हो जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपने जन्मदिन पर यह पहल शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत पात्र परिवारों की बेटियों की शादी के लिए 15 हजार रुपये तक का सामान उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस सहयोग के लिए किसी तरह का आवेदन देने की जरूरत नहीं होगी। जिस परिवार में ऐसी बेटी की शादी हो रही हो, वह विवाह का कार्ड उनके आवास पर पहुंचा सकता है। इसके बाद आवश्यक जानकारी लेकर सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल में जाति और धर्म का कोई भेद नहीं रखा जाएगा। रामानुजगंज नगरपालिका क्षेत्र के सभी वार्डों में रहने वाले जरूरतमंद परिवार इस सहयोग का लाभ ले सकेंगे।
गुप्ता ने स्पष्ट किया कि 15 हजार रुपये की राशि सीधे देने के बजाय शादी के लिए आवश्यक सामान की खरीदारी में इसका उपयोग किया जा सकता है। संबंधित परिवार अपनी जरूरत के अनुसार किसी भी दुकान से सामान खरीद सकता है और निर्धारित सीमा तक उसका भुगतान वे स्वयं करेंगे।
उन्होंने कहा कि माता या पिता का साया सिर से उठ जाने के बाद परिवार और खासकर बेटियों के सामने कई तरह की जिम्मेदारियां और परेशानियां आ जाती हैं। ऐसे समय में किसी बेटी या बहन की शादी में अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग करना सामाजिक जिम्मेदारी के साथ-साथ पुण्य का काम है।
अंकित गुप्ता ने कहा कि फिलहाल इस पहल की शुरुआत 15 हजार रुपये के सहयोग से की जा रही है। आने वाले समय में इसे और व्यापक रूप देने का प्रयास किया जाएगा, ताकि अधिक जरूरतमंद परिवारों तक मदद पहुंचाई जा सके।
इसे भी पढ़ें…….

