Browsing: Chhattisgarh

बलरामपुर में जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा कलेक्टर कार्यालय के लेटरहेड पर कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोशल मीडिया में पत्र वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में प्रशासनिक प्रक्रिया और अधिकार क्षेत्र को लेकर सवाल उठने लगे हैं। संयुक्त संचालक शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीर बताते हुए DEO से स्पष्टीकरण मांगे जाने की बात कही है।

बलरामपुर जिले की पस्ता पुलिस ने मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। एक मामले में 12 बैलों को पैदल झारखंड ले जाया जा रहा था, जबकि दूसरे मामले में पिकअप वाहन में 11 पड़िया ठूंसकर परिवहन की जा रही थीं। पुलिस ने सभी मवेशियों को मुक्त कर आरोपितों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

बलरामपुर जिले के नीलकंठपुर मोड़ के पास सड़क किनारे बड़ी मात्रा में चना पैकेट मिलने के मामले में प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। खाद्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम की जांच में लगभग 15 बोरी सड़े-गले चना पैकेट मिले हैं। प्रशासन ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं, जबकि अब तक पीडीएस वितरण में किसी प्रकार की गड़बड़ी की पुष्टि नहीं हुई है।

फर्जी स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र बनाकर अन्य राज्यों के युवकों को CRPF, CISF और SSB जैसी केंद्रीय सुरक्षा बलों में भर्ती कराने वाले गिरोह का खुलासा। पुलिस ने मुख्य आरोपित समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर कंप्यूटर सिस्टम और कूटरचित दस्तावेज जब्त किए। जांच में खुलासा, कम कटऑफ का फायदा उठाने के लिए छत्तीसगढ़ कोटे का दुरुपयोग किया जा रहा था।

रामचंद्रपुर-रामानुजगंज मार्ग पर नीलकंठपुर मोड़ के पास सड़क किनारे भारी मात्रा में सड़ा हुआ चना मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गरीबों में बांटने के लिए भेजा गया चना लापरवाही छिपाने के लिए फेंक दिया गया। मामले में जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठी है।

बलरामपुर जिले में शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। गरज-चमक के साथ शुरू हुई तेज बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। बीते दिनों 42 डिग्री तक पहुंचे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और आज अधिकतम तापमान 36 डिग्री रहने की संभावना है।

बलरामपुर जिले के रामानुजगंज वन परिक्षेत्र स्थित वन वाटिका में छह भैंसों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रथम दृष्टया मामला करेंट लगने का बताया जा रहा है। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और जंगलों में अवैध बिजली तार बिछाने को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

सूरजपुर जिले के विश्रामपुर में कांग्रेस का आंदोलन बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ दर्ज आर्म्स एक्ट FIR वापस लेने की मांग को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव आमरण अनशन पर बैठे हैं, जबकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज भी क्रमिक भूख हड़ताल में शामिल हैं। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन पर राजनीतिक दबाव में कार्रवाई करने का आरोप लगाया है।

बलरामपुर के चर्चित हंसपुर हत्याकांड में अब गवाहों को प्रभावित करने के आरोपों ने मामला और संवेदनशील बना दिया है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोप लगाया है कि अदालत में बयान बदलवाने के लिए उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। शिकायत में रुपये का लालच देने और धमकी देने जैसी गंभीर बातें भी कही गई हैं।

बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम लिबरा क्षेत्र में कनहर नदी से बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पोकलेन मशीनों से नदी का सीना चीरकर रेत निकाली जा रही है और ट्रकों के जरिए दूसरे राज्यों तक सप्लाई की जा रही है।