
बलरामपुर, विष्णु पांडेय। बलरामपुर-रामानुजगंज औषधि विक्रेता संघ को चुनाव के बाद नई कार्यकारिणी मिल गई है। सोमवार को रामानुजगंज स्थित मां तारा गोपाल हाइट्स में संघ की आमसभा आयोजित की गई। इसी दौरान नवनिर्वाचित अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष का शपथ ग्रहण कराया गया।
इससे पहले 14 सितंबर को संघ का निर्वाचन हुआ था। अध्यक्ष पद पर अजय गुप्ता, सचिव पद पर द्वारिका नाथ पांडेय और कोषाध्यक्ष पद पर नवीन गुप्ता निर्विरोध निर्वाचित हुए।
आमसभा और शपथ ग्रहण के बाद संघ के पदाधिकारियों ने मीडिया से बातचीत की। नवनिर्वाचित अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि यह संघ की चतुर्थ आमसभा और शपथ ग्रहण कार्यक्रम था। जिले के सभी 238 केमिस्ट साथियों के सहयोग से उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। उन्होंने कहा कि साथियों ने लगातार चौथी बार उन पर भरोसा जताते हुए सेवा का अवसर दिया है।
पुलिस प्रशासन से सहयोग की अपील
अजय गुप्ता ने कहा कि वे पुलिस प्रशासन से भी सहयोग की अपेक्षा रखते हैं। उन्होंने कहा कि केमिस्ट नशे का व्यापार नहीं करते हैं, इसलिए बिना वजह उनकी दुकानों पर पुलिस नहीं भेजी जानी चाहिए। हालांकि, किसी केमिस्ट को लेकर पुलिस को संदेह हो तो संघ के सभी पदाधिकारी जांच और कार्रवाई में सहयोग करेंगे।
उन्होंने कहा कि दवा व्यवसाय का उद्देश्य लोगों को जीवन बचाने वाली दवाएं उपलब्ध कराना है। क्षेत्र पिछड़ा होने के कारण व्यवसाय और व्यवस्था से जुड़ी कई कमियां हैं। इन कमियों को पुलिस और प्रशासन के सहयोग से दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
नई टीम के सामने जिम्मेदारी
निर्विरोध निर्वाचन के बाद नई कार्यकारिणी के सामने जिले के दवा कारोबारियों से जुड़े मुद्दों को लेकर काम करने की जिम्मेदारी होगी। आमसभा में संघ के सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
इसे भी पढ़ें…..

