बलरामपुर। बलरामपुर में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ रैली और पदयात्रा निकालकर कांग्रेस एवं उसके सहयोगी दलों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। हाई स्कूल मैदान से शुरू हुए इस कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े शामिल हुए। रैली से पहले मैदान में सभा आयोजित की गई, जिसमें कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा।
मंत्री नेताम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर देश का माहौल खराब करने और लोकतंत्र का मजाक बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस के अन्य नेताओं की ओर से चुनाव आयोग और न्यायपालिका को लेकर की जा रही टिप्पणियों पर आपत्ति जताते हुए कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा और विश्वसनीयता बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है।
प्रधानमंत्री के माता-पिता के प्रति कथित अपमानजनक टिप्पणियों का जिक्र करते हुए भी मंत्री ने कांग्रेस की आलोचना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा से देशभर में आक्रोश का माहौल है। एसआईआर को लेकर भी उन्होंने विपक्ष पर भ्रम फैलाने और माहौल खराब करने का आरोप लगाया। नेताम ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज करा रही है और लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए प्रतिबद्ध है।
सभा के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाई स्कूल मैदान से अटल चौक तक पदयात्रा निकाली। इसमें विधायक, पार्टी के वरिष्ठ नेता, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। पदयात्रा के दौरान कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के खिलाफ नारेबाजी कर भाजपा ने अपना विरोध दर्ज कराया।
इसे भी पढ़ें……





