Browsing: Offbeat News

बलरामपुर जिले के पस्ता थाना क्षेत्र स्थित सेमरसोत जंगल के अमझरनाला के पास गुरुवार को बड़ा हादसा टल गया। सामने से आ रहे ट्रक को साइड देने के दौरान गीली मिट्टी में बस का पहिया धंस गया और बस सड़क किनारे पलट गई। बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन राहत की बात रही कि सभी यात्री और चालक सुरक्षित हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और यात्रियों के आगे जाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कराई।

बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों में गुरुवार, 29 अक्टूबर को अवकाश घोषित किया गया है। कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी किया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।

अर्नब चक्रवात का असर उत्तर छत्तीसगढ़ में दिखने लगा है। बुधवार सुबह से बलरामपुर जिले में बादल छाए रहे और कई जगह बारिश हुई। ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग ने 28 और 29 अक्टूबर को भी बारिश की संभावना जताई है। इसका असर खेती-किसानी पर पड़ सकता है, ऐसे में किसानों को कटी फसल और खेतों में रखी उपज सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।

बलरामपुर सिटी कोतवाली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की गई रॉयल एनफील्ड बुलेट और होंडा शाइन बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपित की पहचान सुशील शांडिल्य (26), निवासी धंधापुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों बाइक इंडेन गैस गोदाम और जिला अस्पताल के पास से चोरी हुई थीं। आरोपित को न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल अंबिकापुर भेज दिया गया है।

झारखंड की राजधानी रांची में राहुल सिंह गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को विधानसभा थाना क्षेत्र में पुलिस और गिरोह के दो अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। अपराधियों की ओर से फायरिंग किए जाने के बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें शाहिद नाम का अपराधी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घेराबंदी कर घायल समेत दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों कांके थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास हुई फायरिंग की घटना में संलिप्त बताए जा रहे हैं।

झारखंड के पलामू स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MMCH) में एक आवारा कुत्ता नवजात शिशु का शव मुंह में दबाकर घूमता दिखाई दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत और एसपी कपिल चौधरी ने अस्पताल पहुंचकर जांच की। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और डॉग स्क्वायड की मदद से नवजात का शव तलाशने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने मामले की जांच के लिए टीम गठित की है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है।

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर और दुर्ग में मंगलवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापेमारी की। रायपुर के पंडरी स्थित रवि नगर के सुशील विला में अधिकारियों की टीम दस्तावेजों, कंप्यूटर और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है। कार्रवाई किस मामले में की जा रही है और जांच में क्या मिला है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

बलरामपुर जिले के चलगली स्थित आनंद हीरो शोरूम के खिलाफ परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बिना वैध ट्रेड सर्टिफिकेट के दोपहिया वाहन बेचने के मामले में विभाग ने शोरूम के पांच वाहनों को ऑनलाइन ब्लैकलिस्ट कर दिया है। अब इन वाहनों का पंजीयन तब तक नहीं हो सकेगा, जब तक संबंधित डीलर परिवहन विभाग से वैध ट्रेड सर्टिफिकेट प्राप्त नहीं कर लेता। विभाग ने इसे मोटर यान अधिनियम, 1988 का उल्लंघन माना है।

धनबाद के चर्चित अभिजीत सिंह हत्याकांड में पुलिस ने तीन और आरोपितों पंकज यादव, सुमित और शिवाकर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तारी के बाद तीनों को हथकड़ी लगाकर सड़क पर सार्वजनिक परेड कराई गई। इससे पहले पुलिस सूरज यादव और प्रशांत राउत उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर चुकी थी। तीन और गिरफ्तारियों के साथ ही मामले में नामजद सभी पांच आरोपित जेल पहुंच चुके हैं। गौरतलब है कि 19 अक्टूबर को होटल में जन्मदिन की पार्टी के दौरान अभिजीत सिंह पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया गया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी।

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के भनौरा में टमाटर से भरा पिकअप वाहन पलटने के बाद सड़क किनारे टमाटर बिखर गए। देखते ही देखते आसपास के लोग झोले और बोरियां लेकर टमाटर समेटने पहुंच गए। सूचना पर पहुंची यातायात पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने भीड़ हटाकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से किनारे करवाया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।