
रांची। झारखंड की राजधानी रांची के प्रतिष्ठित होटल कारोबारी परिवार से जुड़े युवा व्यवसायी लव भाटिया की गुरुवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुरुआती पुलिस जांच में जहर खाने की आशंका जताई जा रही है। हाई-प्रोफाइल मामले को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर अचानक तबीयत बिगड़ने और अचेत होने के बाद लव भाटिया को गंभीर हालत में लालपुर थाना क्षेत्र स्थित ऑर्किड अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही लालपुर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया। इस घटना के बाद राजधानी के कारोबारी, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों में शोक की लहर फैल गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विसरा जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है।
लव भाटिया रांची के प्रसिद्ध होटल कारोबारी आशीष भाटिया के पुत्र थे। भाटिया परिवार झारखंड के होटल और फूड इंडस्ट्री में एक बड़ा नाम माना जाता है। परिवार द्वारा राजधानी में कई प्रतिष्ठित प्रतिष्ठानों का संचालन किया जाता है, जिनमें मेन रोड स्थित पंजाब स्वीट्स, होटल कैपिटल हिल और चर्च कॉम्प्लेक्स का चर्चित कावेरी रेस्टोरेंट शामिल है।
कावेरी रेस्टोरेंट की शाखाएं सर्कुलर रोड, हरमू और कांके रोड जैसे प्रमुख इलाकों में भी संचालित हैं। बताया जा रहा है कि लव भाटिया वर्तमान में सर्कुलर रोड स्थित कावेरी रेस्टोरेंट का संचालन देख रहे थे और पारिवारिक व्यवसाय में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है।
इसे भी पढ़ें…………..
झारखंड में नक्सलवाद को बड़ा झटका : 27 उग्रवादियों ने किया आत्मसमर्पण, कई हार्डकोर नक्सली शामिल

