बलरामपुर। बनापति और धमनी के बीच आवागमन आसान बनाने के लिए बाकी नदी पर उच्चस्तरीय पुल का निर्माण किया जाएगा। सोमवार को दशहरा की नवमी के अवसर पर प्राथमिक शाला बनापति में आयोजित कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने पुल और पहुंच मार्ग का भूमिपूजन किया। इस परियोजना के लिए 255.60 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।
लोक निर्माण विभाग के सेतु संभाग, अंबिकापुर के अंतर्गत बनने वाले इस पुल से बनापति और धमनी के बीच की दूरी करीब 8 किलोमीटर कम हो जाएगी। इससे क्षेत्र के लगभग 6 से 8 गांवों के 10 से 12 हजार ग्रामीणों को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलने की उम्मीद है। पुल बनने से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के संपर्क मार्ग को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि दशहरा की नवमी जैसे शुभ अवसर पर पुल निर्माण का भूमिपूजन करना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पुल बनने से ग्रामीणों को आने-जाने में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
मंत्री नेताम ने रामानुजगंज-वाड्रफनगर और रामानुजगंज-सनावल मुख्य मार्गों की खराब स्थिति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दोनों मार्गों पर जल्द ही डामरीकरण का काम शुरू होगा और एक सप्ताह के भीतर निर्माण कार्य नजर आने लगेगा। इससे इन मार्गों पर आवागमन करने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
इसे भी पढ़ें………





