बलरामपुर। जिले के सीमावर्ती क्षेत्र रामानुजगंज में कन्हर नदी पार करने के लिए पुल बना हुआ है, इसके बावजूद रविवार को साप्ताहिक बाजार के दिन बड़ी संख्या में लोग शॉर्टकट के चक्कर में एनीकट से नदी पार कर रहे हैं। रामानुजगंज और नदी के दूसरी ओर झारखंड के गोदरमाना में रविवार को साप्ताहिक बाजार लगता है। दोनों राज्यों के लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। इस दौरान कई लोग पुल का रास्ता छोड़कर एनीकट के ऊपर से ही नदी पार करते हैं। इतना ही नहीं, एनीकट पर दुकानें भी सजने लगी हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।
दरअसल, रामानुजगंज और गोदरमाना के बीच कन्हर नदी पर आवागमन के लिए पुल उपलब्ध है। जो दो राज्यों को जोड़ती है। इसके बावजूद बाजार के दिन कम दूरी तय करने के लिए लोग एनीकट का रास्ता अपनाते हैं। रविवार को बड़ी संख्या में लोग इसी रास्ते से एक ओर से दूसरी ओर आते-जाते हैं। एनीकट के बीच में दुकानें लगने से लोगों की आवाजाही और भी मुश्किल हो जाती है। नदी के इस पार पर्याप्त जगह उपलब्ध होने के बावजूद एनीकट पर बाजार लगाने का सिलसिला जारी है।

एनीकट के ऊपर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं और इसके नीचे पथरीली चट्टानें मौजूद हैं। ऐसे में जरा सी लापरवाही या संतुलन बिगड़ने पर कोई भी व्यक्ति नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो सकता है। ऊंचाई से चट्टानों पर गिरने की स्थिति में जान जाने का भी खतरा है। इसके बावजूद लोग शॉर्टकट के चक्कर में जोखिम उठाकर एनीकट से नदी पार कर रहे हैं।

पहले भी हो चुकी हैं दुर्घटनाएं
कन्हर नदी का एनीकट हर साल दुर्घटनाओं को लेकर चर्चा में रहता है। गोदरमाना से लौटते समय या नदी पार करने के दौरान कई बार लोगों का संतुलन बिगड़ने से वे नदी में गिर जाते हैं। खासकर नशे की हालत में एनीकट पार करना और भी खतरनाक हो सकता है। नीचे मौजूद पानी और पथरीली चट्टानों के कारण गिरने वाले लोगों को गंभीर चोट लगने का खतरा बना रहता है।

रविवार को दोनों ओर साप्ताहिक बाजार लगने के कारण एनीकट पर लोगों की आवाजाही काफी बढ़ जाती है। ऐसे में उसी स्थान पर दुकानें लगने से स्थिति और जोखिमपूर्ण हो जाती है। नदी पार करने के लिए पुल होने के बावजूद लोग समय और दूरी बचाने के चक्कर में अपनी सुरक्षा को नजरअंदाज कर रहे हैं।

हर साल होने वाली दुर्घटनाओं से सबक लेने के बजाय एनीकट का इस तरह इस्तेमाल जारी है। ऐसे में जरूरी है कि प्रशासन एनीकट पर बाजार लगाने और वहां से आवागमन करने पर रोक लगाने के लिए कदम उठाए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना को टाला जा सके।
इसे भी पढ़ें…..






