बलरामपुर-अंबिकापुर। सरगुजा जिले के मैनपाट में करोड़ों रुपये की शासकीय जमीन को निजी नाम पर दर्ज कराकर बेचने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले के मुख्य आरोपित आजाद इराकी को साइबर सेल की पुलिस ने बलरामपुर जिले के कुसमी स्थित उसके ससुराल से गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि राजस्व रिकॉर्ड में हेराफेरी कर 3.46 हेक्टेयर सरकारी जमीन को पहले निजी व्यक्ति के नाम दर्ज कराया गया और फिर उसकी रजिस्ट्री दूसरे लोगों के नाम कर दी गई थी। मामले में कुल पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी। अपराध दर्ज होने के बाद से सभी आरोपित फरार चल रहे थे।
मामला मैनपाट तहसील के केसरा गांव की शासकीय भूमि से जुड़ा है। भाजपा नेता आलोक दुबे ने इस जमीन के रिकॉर्ड में गड़बड़ी और अवैध बिक्री की शिकायत सरगुजा कलेक्टर से की थी। शिकायत में बताया गया था कि रिनंबरिंग खसरा नंबर 1378, रकबा 3.46 हेक्टेयर की सरकारी जमीन को राजस्व अभिलेखों में कूटरचना कर निजी व्यक्ति के नाम दर्ज करा लिया गया है। इसके बाद जमीन की रजिस्ट्री भी दूसरे लोगों के नाम कर दी गई।
शिकायत के बाद तत्कालीन कलेक्टर अजीत वसंत ने मैनपाट तहसीलदार को जांच के निर्देश दिए थे। तहसीलदार की जांच में राजस्व रिकॉर्ड में गड़बड़ी की पुष्टि हुई। इसके बाद कलेक्टर ने आजाद इराकी समेत पांच लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कराने के निर्देश दिए थे।
जांच में सामने आया कि वर्ष 1954-55 के अधिकार अभिलेख में अंतिम खसरा नंबर 650 दर्ज था। ऐसे में उस समय के रिकॉर्ड में खसरा नंबर 1378 की प्रविष्टि होना संभव नहीं था। यह रिनंबरिंग खसरा नंबर था, जो पहली बार वर्ष 1995-96 के राजस्व दस्तावेजों में दर्ज हुआ था।
जांच प्रतिवेदन के अनुसार, वर्ष 1954-55 के अधिकार अभिलेख में बाद में कूटरचना कर खसरा नंबर 1378 की प्रविष्टि विजय सिंह पिता चंद्रचरण सिंह के नाम पर की गई थी। इसके बाद विजय सिंह के मुख्तार आम दिलीप चिकवा पिता रामप्रसाद चिरवा और तुलेश्वर गुप्ता पिता गणेश गुप्ता के माध्यम से इस जमीन की रजिस्ट्री आजाद इराकी पिता रियाजुद्दीन इराकी और अनुपम कुमार सिंह पिता रामाशंकर सिंह के नाम की गई।
जांच में यह भी सामने आया कि बंदोबस्त वर्ष 1995-96 के राजस्व रिकॉर्ड में खसरा नंबर 1378 की जमीन शासकीय भूमि के रूप में छोटे झाड़ जंगल मद में दर्ज थी। इससे पुराने अधिकार अभिलेख में इस खसरे को निजी भूमि के रूप में दर्ज किए जाने पर सवाल खड़े हुए।
तहसीलदार के जांच प्रतिवेदन के आधार पर कलेक्टर ने पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद तहसीलदार ने आजाद इराकी समेत पांच लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कराया। गिरफ्तारी से बचने के लिए सभी आरोपित फरार चल रहे थे। आज मंगलवार को साइबर सेल की टीम ने मुख्य आरोपित आजाद इराकी को कुसमी स्थित उसके ससुराल से गिरफ्तार कर लिया है।
इसे भी पढ़ें…..
(अपडेट) हजारीबाग की दनुआ घाटी में भीषण हादसा, मृतकों की संख्या बढ़कर सात हुई; 14 घायल






