
रांची। झारखंड में मानसून की बारिश का मिजाज जिलों के बीच काफी अलग नजर आ रहा है। 1 जून से 6 अगस्त तक राज्य में सबसे अधिक बारिश पश्चिमी सिंहभूम जिले में दर्ज की गई है, जबकि सबसे कम बारिश गढ़वा में हुई है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 13 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई, वहीं गढ़वा में सामान्य से 60 प्रतिशत कम वर्षा हुई है।
अगस्त में बारिश का दौर जारी
मौसम विभाग के अनुसार अगस्त महीने में राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हो रही है। 8 अगस्त को दक्षिणी झारखंड और उससे सटे मध्यवर्ती जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। गुमला और खूंटी को लेकर भी विभाग ने विशेष रूप से बारिश की संभावना जताई है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
फतेहपुर में 110 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटों में राज्य में सबसे अधिक 110 मिलीमीटर बारिश जामताड़ा जिले के फतेहपुर में दर्ज की गई। इस दौरान बहरागोड़ा में अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जबकि लातेहार में न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
रांची में उमस का असर
गुरुवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से बादल छाए रहे। दिन में गर्मी और उमस का एहसास हुआ। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार रांची में अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री और न्यूनतम 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अन्य प्रमुख शहरों में जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 24.2 डिग्री, डाल्टनगंज का अधिकतम 32 और न्यूनतम 24.5 डिग्री, बोकारो का अधिकतम 31.5 और न्यूनतम 24.6 डिग्री तथा चाईबासा का अधिकतम 33.8 और न्यूनतम 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इसे भी पढ़ें……..
रामानुजगंज के इस स्कूल में बेटियों की पढ़ाई पर संकट! शिक्षक नहीं, YouTube से पढ़ने को मजबूर छात्राएं


