
रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। गुरुवार से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश, गरज चमक और वज्रपात की चेतावनी दी है। नाउकास्ट के तहत प्रदेश के 27 जिलों के कुछ हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
आज से क्यों बदल रहा मौसम का मिजाज?
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे लगे बांग्लादेश तट के ऊपर समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से आज उत्तरी बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।
इसके अलावा मॉनसून द्रोणिका जम्मू, देहरादून, पंतनगर, बस्ती, छपरा, पुरुलिया और दीघा से होते हुए पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी तक विस्तृत है। इन मौसमी सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
27 जिलों में येलो अलर्ट, तेज हवा और आकाशीय बिजली का खतरा
नाउकास्ट के अनुसार सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला पेंड्रा मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है।
इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान एक दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। कई इलाकों में गरज चमक के साथ वज्रपात भी हो सकता है।
पिछले 24 घंटे में यहां हुई बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। पाली, कोरबा में 4 सेंटीमीटर, बेलगहना, बिलासपुर में 3 सेंटीमीटर तथा हरदीबाजार, कोरबा और नेरहरपुर, कांकेर में 2 2 सेंटीमीटर बारिश हुई।
सकरी और कोटा, बिलासपुर, घुमका, राजनांदगांव, जशपुरनगर और छिंदगढ़, सुकमा में 1 1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
रायपुर में भी बारिश और अंधड़ की संभावना
राजधानी रायपुर में गुरुवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। गरज चमक के साथ बारिश और अंधड़ चल सकता है। शहर में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
प्रदेश में बुधवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग के इस पूर्वानुमान के बाद अगले दो दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज होने की उम्मीद है। ऐसे में लोगों को तेज हवा, आकाशीय बिजली और भारी बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
इसे भी पढ़ें………….


