
रांची। झारखंड में पिछले दो तीन दिनों से गर्मी और उमस झेल रहे लोगों को सोमवार को अचानक राहत मिली। रांची समेत कई जिलों में दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और काले बादलों के बीच मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। झमाझम बारिश से तापमान गिरा तो मौसम सुहाना हो गया, लेकिन रांची के कई इलाकों में जलजमाव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।
रांची में अचानक बदला मौसम, सड़कों पर भर गया पानी
सोमवार सुबह रांची और आसपास के इलाकों में मौसम सामान्य रहा। दोपहर बाद अचानक आसमान में काले बादल छा गए और देखते ही देखते तेज बारिश शुरू हो गई। जोरदार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों और सड़कों पर पानी जमा हो गया। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश के बाद तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। रांची में सोमवार को अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
13 सितंबर तक बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने झारखंड में 13 सितंबर तक कई जिलों में गर्जन के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम के इस बदलाव के बीच लोगों को आकाशीय बिजली से सावधान रहने की सलाह दी गई है। खासकर बारिश और गरज के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की जरूरत है।
पीरटांड़ में 112.4 मिलीमीटर बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड में सबसे अधिक 112.4 मिलीमीटर बारिश गिरिडीह जिले के पीरटांड़ में दर्ज की गई। वहीं बहरागोड़ा में राज्य का सबसे अधिक 35.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
सबसे कम तापमान रांची के कांके में 20.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के कारण कई इलाकों में उमस और गर्मी से राहत मिली है।
जमशेदपुर समेत इन शहरों में तापमान
सोमवार को जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 35.0 और न्यूनतम 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। डाल्टनगंज में अधिकतम 32.8 और न्यूनतम 25.9 डिग्री, बोकारो में 34.5 और 25.1 डिग्री तथा चाईबासा में 35.4 और न्यूनतम 24.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में भी झारखंड के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में एक ओर लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं दूसरी ओर भारी बारिश वाले इलाकों में जलजमाव की समस्या भी बढ़ सकती है।
इसे भी पढ़ें……………


