
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के प्रसिद्ध तीर्थ एवं पर्यटन स्थल तातापानी में तातापानी महोत्सव का भव्य आयोजन 14 जनवरी से 16 जनवरी तक तीन दिनों तक किया जाएगा। इस ऐतिहासिक महोत्सव का शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात, साथ ही 200 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया जाएगा। इस कार्यक्रम में मंत्री, सांसद और विधायक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे।
तीन राज्यों से उमड़ेगा जनसैलाब, लाखों दर्शकों की संभावना
तातापानी महोत्सव की ख्याति केवल छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं है। हर वर्ष झारखंड, उत्तरप्रदेश और मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में दर्शक यहां पहुंचते हैं। बलरामपुर जिला तीन राज्यों की सीमाओं से सटा होने के कारण यह आयोजन अंतरराज्यीय सांस्कृतिक केंद्र का रूप ले चुका है। इस वर्ष लाखों लोगों के शामिल होने की प्रबल संभावना जताई जा रही है।
फर्जी वीआईपी पास पर सख्ती, पकड़े गए तो होगी एफआईआर
महोत्सव में वीआईपी एंट्री को लेकर इस बार पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पूर्व में कुछ शातिर तत्वों द्वारा फोटोशॉप के जरिए फर्जी वीआईपी पास बनाकर प्रवेश करने की शिकायतें सामने आई थीं। इस बार सभी वीआईपी पासों की पूर्व लिस्टिंग की जाएगी, एंट्री के समय नामों का सूची से मिलान होगा। किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी सामने आने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सांस्कृतिक संध्याओं से सजेगा मंच, तीनों दिन रहेगा उत्सव का रंग
महोत्सव की 14, 15 और 16 जनवरी की संध्या को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। देश-प्रदेश के चर्चित कलाकार मंच पर अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। तीनों दिन लोकसंगीत, आधुनिक धुनों और रंगारंग प्रस्तुतियों से गूंजती रहेंगी।

पहला दिन: पद्मश्री अनुज शर्मा की दमदार प्रस्तुति
14 जनवरी की संध्या को महोत्सव के पहले दिन पद्मश्री सम्मानित, छत्तीसगढ़ी सिनेमा के सुपरस्टार और विधायक अनुज शर्मा मंच संभालेंगे। वर्ष 2000 में मोर छइहा भुइयां फिल्म से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अनुज शर्मा ने छत्तीसगढ़ी सिनेमा को नई पहचान दी। माई के मर्यादा सहित कई भोजपुरी फिल्मों में भी उन्होंने अभिनय किया। कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें 2014 में भारत सरकार द्वारा पद्मश्री से सम्मानित किया गया। वर्तमान में वे धरसींवा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक हैं।

दूसरा दिन: आदित्य नारायण की सुरीली शाम
15 जनवरी की संध्या को प्रसिद्ध गायक आदित्य नारायण अपनी गायकी से समां बांधेंगे। वे प्रख्यात गायक उदित नारायण के पुत्र हैं। आदित्य ने1995 में फिल्म रंगीला से अपने संगीत सफर की शुरुआत की थी। वर्ष 2010 में उन्होंने फिल्म शापित से अभिनय में कदम रखा। इसके अलावा वे कई हिट गानों को आवाज देने के साथ-साथ अनेक लोकप्रिय टीवी रियलिटी शो के सफल होस्ट भी रहे हैं।

तीसरा दिन: भोजपुरी सितारों का जलवा
16 जनवरी की संध्या को भोजपुरी कलाकारों की प्रस्तुति महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण रहेगी। इस दिन भोजपुरी गायक रितेश पांडेय, गायिका खुशी कक्कड़ और चर्चित अभिनेत्री डिंपल सिंह मंच पर नजर आएंगी। रितेश पांडेय का सुपरहिट गीत हेलो कौन वर्ष 2020 में 600 मिलियन से अधिक व्यूज के साथ ग्लोबल यूट्यूब म्यूजिक चार्ट में नंबर वन रहा। वहीं डिंपल सिंह ने हरी हरी ओढ़नी सहित कई लोकप्रिय भोजपुरी गीतों और फिल्मों में अभिनय कर अपनी अलग पहचान बनाई है।
ये भी पढ़िए…………..
ईरान सुलग उठा: प्रदर्शनों में 217 मौतें, सड़कों पर खून और सत्ता में खौफ
