रामानुजगंज, अनिल गुप्ता। राष्ट्रीय राजमार्ग 343 के अधिकारियों की लापरवाही जानलेवा साबित हो रही है। रामानुजगंज से लेकर बलरामपुर तक सड़क में कई गड्ढे हो गए है। गड्ढे इतने खतरनाक हो गए हैं कि उन्हें तत्काल भरवाया जाना अत्यंत आवश्यक है। परंतु उसके बाद भी राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी आंख मूंदे हुए है। राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों के अकर्मण्य रवैया के विरुद्ध लोगों में आक्रोश है जो कभी भी आंदोलन का रूप ले सकता है।
दरअसल राष्ट्रीय राजमार्ग 343 में रामानुजगंज से बलरामपुर तक कई जानलेवा गड्ढे हैं। इन गड्ढों की चपेट में आने से प्रतिदिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। यहां तक कि लोगों की मौत भी इन्हीं गड्ढों के कारण हो गई है। परंतु राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी का रवैया ऐसा है कि इन गड्ढों को देखने तक की सुध नहीं ले रहे हैं। जिन गड्ढों को 24 घंटे के अंदर भर देना चाहिए उन्हें भरने में 6 माह से भी अधिक समय लग रहा हैं। चोरपहरी, जामवंतपुर, आरागाही, तातापानी के समीप कई खतरनाक गड्ढे हैं एवं इन गड्ढों की गहराई एवं चौड़ाई लगातार बढ़ रही हैं दिन प्रतिदिन यह गड्ढे और खतरनाक होते जा रहे हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के द्वारा लगातार इन गड्ढों को भरे जाने की मांग की जा रही है परंतु अभी तक गड्ढों को भरे जाने की पहल राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों के द्वारा नहीं की गई है। अधिकारी कहीं लोगों के आक्रोश की परीक्षा तो नहीं ले रहे हैं। क्या फिर आंदोलन के बाद ही अधिकारी गड्ढों को भरवाएंगे।
पूर्व में आंदोलन के बाद ही खुली थी अधिकारियों की नींद
राष्ट्रीय राजमार्ग 343 के अधिकारियों का हमेशा रवैया लापरवाही पूर्वक रहा है। 2 वर्ष पूर्व भी इसी प्रकार के गड्ढे सड़क पर हो गए थे जिसके बाद जिला पंचायत के सभापति राजेश यादव के नेतृत्व में वृहद आंदोलन किया गया था आंदोलन के बाद ही गड्ढों को राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों के द्वारा गड्ढे भरवाए गए थे।
गड्ढों में पानी भरने के बाद दुर्घटना की अधिक रहती है संभावना
राष्ट्रीय राजमार्ग में कई ऐसे गड्ढे हो गए हैं जिनकी गहराई 1 फीट से भी अधिक हो गई है। पानी भरने के बाद गड्ढे की गहराई का पता नहीं चलता जिस कारण दुर्घटनाएं अधिक होती है। कई बार तो जानलेवा साबित हुई।
जिला पंचायत के सभापति ने दी आंदोलन की चेतावनी
जिला पंचायत के सभापति राजेश यादव ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग 343 में रामानुजगंज से बलरामपुर तक कई खतरनाक गड्ढे हैं जिनके चपेट में आने से प्रतिदिन दुर्घटनाएं हो रही हैं यहां तक कि मौत भी हो चुकी है परंतु उसके बाद भी अधिकारी गड्ढों को नहीं भरवा रहे है। यादव ने कहा कि यदि राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी गड्ढों को नहीं भरवाते हैं तो आंदोलन किया जाएगा। जिसकी संपूर्ण जवाबदारी राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों की होगी।
ये भी पढ़िए…
Bihar: बेतिया में बकरी चराने गई दो बच्चियों की नदी में डूबने से हुई मौत