
बलरामपुर। जिले के रामानुजगंज नगर में गुरुवार दोपहर मौसम के बदले मिजाज ने लोगों को दोहरी स्थिति में डाल दिया। एक ओर बारिश ने भीषण गर्मी से राहत दी, तो दूसरी ओर घंटों तक बिजली गुल रहने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
गुरुवार दोपहर अचानक हुई बारिश ने तपती धूप और उमस से जूझ रहे लोगों को राहत का अहसास कराया। तेज गर्मी के बीच आई इस बारिश से मौसम कुछ हद तक सुहाना हुआ, लेकिन इसी दौरान दोपहर के बाद बिजली आपूर्ति ठप हो जाने से राहत ज्यादा देर टिक नहीं सकी।
रामानुजगंज नगर के कई वार्डों में घंटों तक बिजली गुल रही। इस दौरान पंखे बंद पड़े रहे, जिससे उमस भरी गर्मी में लोगों का हाल बेहाल हो गया। जिन घरों में इनवर्टर की सुविधा थी, वहां भी कुछ ही समय में बैटरियां डिस्चार्ज हो गईं। वहीं बिना इनवर्टर वाले घरों में स्थिति और ज्यादा कठिन रही, जहां लोगों को बिना पंखे के ही समय बिताना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के बाद धूप की तपिश जरूर कम हुई, लेकिन उमस इतनी रही कि बिजली के बिना रहना मुश्किल हो गया। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को इस दौरान अधिक परेशानी झेलनी पड़ी।
मामले को लेकर रामानुजगंज विद्युत विभाग के जेई अभिषेक विश्वकर्मा ने बताया कि बारिश के कारण 33 केवी लाइन में फॉल्ट आ गया था, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हुई। जल्द ही बिजली बहाल हो जाएगी।
इसे भी पढ़ें………
आंधी-बारिश से बलरामपुर में पारा 10 डिग्री लुढ़का, भीषण गर्मी से मिली राहत

