
बलरामपुर। गणेश उत्सव के दौरान पूजा समितियों और विसर्जन जुलूस में डीजे बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। गणेश चतुर्थी और विसर्जन को लेकर बीते शाम रामानुजगंज थाने में आयोजित शांति समिति की दूसरी बैठक में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने यह स्पष्ट किया। अधिकारियों ने कहा कि डीजे की अनुमति नहीं होगी और नियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में गणेश पूजा समितियों के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को विसर्जन तथा धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान पालन किए जाने वाले नियमों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि हाइकोर्ट के दिशा निर्देश के अनुसार, बुजुर्गों और बच्चों पर तेज आवाज के संभावित प्रभाव को देखते हुए डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में फूहड़ता पर भी रोक रहेगी तथा आयोजन समितियों से मर्यादा बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की गई।
रामानुजगंज में गणेश प्रतिमाओं का नगर भ्रमण के बाद कन्हर नदी में विसर्जन किया जाता है। प्रशासन के अनुसार विसर्जन के दौरान निर्धारित रूट का पालन करना होगा। प्राचीन मंदिर घाट के पास प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी। नदी में सुरक्षा के लिए गोताखोरों की टीम और पुलिस बल तैनात रहेगा। रात 9 बजे के बाद प्रतिमा विसर्जन पर रोक रहेगी। इसके साथ ही नदी में पूजा सामग्री डालने पर भी प्रतिबंध रहेगा।
बैठक में एसडीएम आनंदराम नेताम ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ गणेश उत्सव मनाने की अपील की। उन्होंने सोशल मीडिया पर देवी-देवताओं को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट या ऐसी सामग्री साझा नहीं करने की हिदायत दी। पुलिस ने कहा कि आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट या प्रसारित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
रामानुजगंज के झारखंड सीमा से लगे होने के कारण सीमा क्षेत्र से आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों पर भी नजर रखने की बात कही गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि उत्सव के दौरान हुड़दंग या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में एसडीएम आनंदराम नेताम, एसडीओपी बाजीलाल सिंह, तहसीलदार मनोज पैकरा, नायब तहसीलदार रवि भोजवानी, जनपद पंचायत सीईओ रणवीर साय, नगरपालिका सीएमओ सुधीर कुमार, थाना प्रभारी जितेंद्र सोनी समेत गणेश पूजा समितियों के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें……..
बारिश थमी तो बढ़ी उमस, बलरामपुर में गर्मी ने किया बेहाल, 18 सितंबर के बाद फिर बदलेगा मौसम


