
पटना, अनिल मिश्र। बिहार के सीमांचल क्षेत्र के कटिहार जिले में सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क से कथित संबंध रखने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद सोमवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान मोहम्मद अहद के रूप में हुई है, जो कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के मूसापुर गांव का निवासी बताया जा रहा है। इस कार्रवाई में कटिहार पुलिस के साथ कई केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां भी शामिल रहीं।
प्रारंभिक जांच के आधार पर सुरक्षा एजेंसियों का दावा है कि मोहम्मद अहद पाकिस्तान में सक्रिय गैंगस्टर राणा हुनेन उर्फ राणा हुसैन के संपर्क में था। जांच एजेंसियों के अनुसार, राणा हुसैन का संबंध पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क से बताया जाता है, जो भारत विरोधी गतिविधियों के लिए लोगों को जोड़ने का प्रयास करता है।
जांच में यह भी आरोप है कि मोहम्मद अहद स्थानीय स्तर पर नेटवर्क के लिए कथित रूप से सहयोगी की भूमिका निभा रहा था। उस पर व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से भारत विरोधी सामग्री के प्रचार-प्रसार और लोगों को जोड़ने की कोशिश करने का भी आरोप है।
सुरक्षा एजेंसियां आरोपी के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया खातों, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर उसके संपर्कों तथा पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा पूछताछ के बाद सोमवार को आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच कटिहार व्यवहार न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। मामले की जांच जारी है।
इसे भी पढ़ें…….
नामांकन के तुरंत बाद जनशक्ति जनता दल की प्रत्याशी वीणा मालवी गिरफ्तार, कोर्ट से मिली राहत

