बलरामपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) नगर इकाई रामानुजगंज की ओर से 20 नवंबर को सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में सैकड़ों युवतियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। वक्ताओं ने रानी लक्ष्मीबाई के साहस, संघर्ष, त्याग और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए युवतियों से उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए नगर मंत्री सत्यम प्रजापति ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों के साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक दायित्वों के विकास के लिए भी कार्य करता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी केवल देश का भविष्य नहीं हैं, बल्कि वर्तमान में भी समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। रानी लक्ष्मीबाई का जीवन आज की युवतियों के लिए साहस, आत्मसम्मान और संघर्ष की प्रेरणा है। युवतियों को शिक्षा और आत्मनिर्भरता के साथ नेतृत्व के क्षेत्र में भी आगे आना चाहिए।
छात्र पवन गुप्ता ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई ने अंग्रेजी हुकूमत के सामने झुकने के बजाय मातृभूमि की स्वतंत्रता और सम्मान के लिए संघर्ष किया। उनका जीवन त्याग, शौर्य, स्वाभिमान और देशभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई ने अपने साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति से साबित किया कि नेतृत्व और वीरता किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं हैं।
शिक्षिका अंजू गुप्ता ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई ने जीवन में अनेक कठिनाइयों का सामना किया, लेकिन विपरीत परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी। उनका बलिदान भारतीय इतिहास में सदैव याद किया जाएगा। आज की बेटियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर शिक्षा, आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता के रास्ते पर आगे बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम में भारतीय इतिहास की महान वीरांगनाओं के योगदान और समाज एवं राष्ट्र निर्माण में नारी शक्ति की भूमिका पर भी विचार रखे गए। इस अवसर पर नगर सह मंत्री यश राजवाड़े, बिट्टू यादव, बैजनाथ यादव, पवन गुप्ता सहित विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में युवक-युवतियां उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें…..






