
पलामू। झारखंड के पलामू जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में स्कूल बस के खलासी की जान चली गई। बच्चों को बस में बैठाने के दौरान तेज रफ्तार हाइवा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बच्चे बाल-बाल बच गए।
घटना रेहला थाना क्षेत्र के कधवन गांव की है, जहां सुबह के समय स्कूल बसें खड़ी थीं और बच्चे उनमें सवार हो रहे थे। इसी दौरान 60 वर्षीय नूर मोहम्मद, जो बस में खलासी के रूप में कार्यरत थे, बच्चों को बैठाने में लगे हुए थे। तभी पीछे से तेज गति से आए एक हाइवा ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर की चपेट में आकर नूर मोहम्मद गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद आनन-फानन में उन्हें एमआरएमसीएच अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। नूर मोहम्मद पिछले 7-8 सालों से स्कूल बस में खलासी के रूप में कार्य कर रहे थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
इस दुखद घटना के बाद परिजनों ने जिला प्रशासन और स्कूल प्रबंधन से उचित मुआवजे की मांग की है। वहीं, स्थानीय स्तर पर भी घटना को लेकर आक्रोश और दुख का माहौल है।
इसे भी पढ़ें………..
बलरामपुर में दर्दनाक हादसा, ट्रक की चपेट में आईं दो शिक्षिकाएं, एक की मौके पर मौत, दूसरी गंभीर

