
बलरामपुर। पड़ोसी देश बांग्लादेश में हिंदू समाज के खिलाफ हो रही कथित हिंसा और हत्याओं के विरोध में बलरामपुर में आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन देखने को मिला। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल से जुड़े कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर विरोध दर्ज कराया और बांग्लादेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे कथित अत्याचारों के विरोध में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के आह्वान पर बलरामपुर में प्रदर्शन किया गया। जिला अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता और संयोजक कृष गुप्ता के आह्वान पर खंड संयोजक दीपक पाल तथा नगर संयोजक रोहित ठाकुर के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में सनातनी हिंदू सड़कों पर उतरे।
प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश सरकार के खिलाफ नारे लगाए और विरोध स्वरूप बांग्लादेश के राष्ट्रपति का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में हिंदुओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है और वहां की सरकार इस पर प्रभावी कदम नहीं उठा रही है।
विश्व हिंदू परिषद के कोषाध्यक्ष आकाश तिवारी ने कहा कि बांग्लादेश में जिस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, वे गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने मांग की कि भारत सरकार वहां के हिंदुओं की सुरक्षा के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए। प्रखंड मंत्री रतन दे ने भी घटनाओं पर कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि कट्टरपंथी विचारधाराओं के खिलाफ संगठन सतत सजग है और ऐसे तत्वों का विरोध किया जाएगा।
कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के समरसता प्रमुख समीर हालदार, जिला मीडिया प्रभारी विजय सिंह, दुर्गा वाहिनी विभाग संयोजिका शकुंतला सिंह, जिला सहसंयोजिका पुष्पा सिंह, शशि शेखर सिंह, विशाल सिंह, दिनेश सिंह, नमन गुप्ता, राघव सोनी, मंगरू गुप्ता सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता, महिलाएं और सनातनी समाज के लोग उपस्थित रहे।
प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जहां संगठनों ने एक स्वर में बांग्लादेश में हिंदू समाज की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस मुद्दे को उठाने की मांग की।
ये भी पढ़िए………..
(अपडेट) आपत्तिजनक टिप्पणी मामला, आकांक्षा टोप्पो गिरफ्तार, बाद में मिली जमानत

