
पश्चिमी सिंहभूम। पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी थाना क्षेत्र अंतर्गत सूरजाबासा के पास शनिवार दोपहर टोटो और मोटरसाइकिल के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में चार लोग घायल हो गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल जगन्नाथपुर निवासी आलू-प्याज व्यवसायी शनि गुप्ता की सदर अस्पताल चाईबासा में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों में मातम पसरा है।
बताया गया कि शनिवार दोपहर करीब 12.30 बजे टोटो झींकपानी की ओर से चाईबासा की तरफ आ रहा था। इसी दौरान चाईबासा से जगन्नाथपुर की ओर जा रही मोटरसाइकिल सूरजाबासा के समीप सामने से आ रहे टोटो से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों पर सवार लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को संभाला और इसकी सूचना पुलिस को दी।
घटना में टोटो पर सवार अंशु पाल (35) अपनी बच्ची के साथ चाईबासा आ रहे थे। टोटो चालक की पहचान वैभव भाटी के रूप में हुई है।
वहीं मोटरसाइकिल संख्या (जेएच 06आर-9195) पर धनेश्वर कुंभार उर्फ हर्ष (17), पिता विधानसु कुंभार, और दीपा साई, जगन्नाथपुर निवासी शनि गुप्ता सवार थे। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से एक टेंपो के जरिए सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने शनि गुप्ता को बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
विश्व हिंदू परिषद के जिला गौ रक्षा प्रमुख सुधांशु कुमार चौधरी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। बजरंग दल के अंकित कुमार साह, रोहित श्रीवास्तव, अविनाश दास, शुभम जायसवाल और द्वारिका शर्मा ने भी राहत कार्य में मदद की। स्थानीय लोगों के अनुसार बाइक की रफ्तार काफी तेज थी और अनुमान लगाया जा रहा है कि उसकी गति 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक रही होगी। हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
सूचना मिलने पर झींकपानी थाना प्रभारी राजीव रंजन मिश्रा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटना की जानकारी ली। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों और घटनास्थल का जायजा लेने के साथ हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, सभी घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
इसे भी पढ़ें……..
रांची में ज्वेलर्स की दुकान में चोरी, जेवरात और नकदी लेकर फरार हुए चोर


