बलरामपुर। धान खरीदी शुरू होने से पहले अवैध रूप से धान के परिवहन और बिचौलियों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार देर रात रामानुजगंज अनुविभाग में दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए प्रशासनिक टीम ने पिकअप वाहनों से कुल 108 बोरी धान जब्त किया। दोनों मामलों में धान और वाहनों को संबंधित थानों के सुपुर्द कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
एसडीएम आनंद राम नेताम ने बताया कि, पहली कार्रवाई चुनापत्थर मार्ग पर की गई। यहां उत्तर प्रदेश से अवैध रूप से धान लाकर परिवहन किए जाने के दौरान एक पिकअप वाहन को पकड़ा गया। वाहन से 53 बोरी धान बरामद हुआ। इसके बाद प्रकरण तैयार कर वाहन और धान को डिंडो थाना के सुपुर्द कर दिया गया।
दूसरी कार्रवाई मध्यरात्रि करीब 12 बजे मंडरू-घुटरा मार्ग पर की गई। इस दौरान पिकअप वाहन से 55 बोरी धान ले जाया जा रहा था। प्रशासनिक टीम ने मौके पर धान जब्त कर वाहन सहित अनाज को सनावल थाना के सुपुर्द किया। संबंधित परिवहनकर्ता के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
धान खरीदी से पहले की जा रही इन कार्रवाइयों का उद्देश्य अवैध परिवहन पर रोक लगाना और खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी की आशंका को दूर करना है। प्रशासन की ओर से ऐसे मामलों पर निगरानी रखी जा रही है।
इसे भी पढ़ें……..






