
बलरामपुर। जिले में अवैध रेत उत्खनन का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। विकासखंड रामचंद्रपुर के ग्राम पंचायत पचावल में हालिया कार्रवाई के बाद अब ग्राम लिबरा, ग्राम पंचायत धौली के खसरा नंबर 36 स्थित कनहर नदी में बड़े पैमाने पर अवैध खनन का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि यहां खुलेआम भारी मशीनों के जरिए नदी से रेत निकाली जा रही है और प्रशासनिक कार्रवाई का कोई डर नजर नहीं आ रहा।
स्थानीय लोगों के मुताबिक कनहर नदी के बीचों-बीच पोकलेन मशीनें उतारकर लगातार उत्खनन किया जा रहा है। नदी के प्राकृतिक स्वरूप को नुकसान पहुंचाते हुए बड़े पैमाने पर रेत निकालकर ट्रकों और हाइवा वाहनों में भरी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यहां से निकाली जा रही रेत को उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड तक भेजा जा रहा है। इससे शासन को प्रतिदिन लाखों रुपए के राजस्व नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि पहले नदी से सीमित मात्रा में हाथों से रेत निकाली जाती थी, लेकिन अब मशीनों के जरिए अंधाधुंध खनन हो रहा है। लगातार उत्खनन के कारण नदी के बीच गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे बरसात के समय जल प्रवाह प्रभावित होने और हादसों का खतरा बढ़ गया है। लोगों को आशंका है कि यदि इसी तरह अवैध खनन चलता रहा तो आने वाले वर्षों में कनहर नदी का अस्तित्व संकट में पड़ सकता है।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि अवैध खनन के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर दबाव बनाया जाता है। कई ग्रामीणों ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर बताया कि रेत कारोबार से जुड़े लोग काफी प्रभावशाली हैं, जिसके कारण लोग खुलकर विरोध करने से डरते हैं। इसके बावजूद गांव के लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि हाल ही में ग्राम पंचायत पचावल में प्रशासन ने अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मशीन और ट्रकों को जब्त किया था। उस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के लोगों को उम्मीद थी कि जिलेभर में अवैध खनन पर सख्ती होगी, लेकिन लिबरा क्षेत्र में अब भी खुलेआम उत्खनन जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पचावल की तरह यहां भी सख्त कार्रवाई की जाए तो अवैध कारोबार पर रोक लगाई जा सकती है।
इस मामले में रामानुजगंज अनुविभागीय अधिकारी राजस्व आनंद राम नेताम ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जल्द ही संयुक्त टीम गठित कर जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें……
सनावल रोड पर दर्दनाक हादसा : ईंट लदे ट्रैक्टर ने चार युवकों को कुचला, गांव में पसरा मातम

