रामगढ़, (हि.स.) । स्वच्छता अभियान मानव जाति की सेहत और उसके भविष्य के लिए बेहद आवश्यक है। आज हमारे समाज में सफाई को लेकर जागरूकता काफी कम है। इसे हर तबके के द्वारा किया जाना चाहिए। यह बातें शुक्रवार को रामगढ़ शहर के ब्रिगेडियर पुरी पार्क में स्पेशल कैंपेन 3.0 के तहत चलाए गए सफाई अभियान के दौरान ब्रिगेडियर संजय खंडपाल ने कही।
उन्होंने कहा कि पूरे देश में 2 से 31 अक्टूबर तक यह अभियान चलाया जा रहा है। रामगढ़ में इसे और बड़े पैमाने पर चलाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यह अभियान सिर्फ एक दिन के लिए नहीं होना चाहिए। यह नियमित तौर पर हो तो शहर के किसी भी सड़क और गली में एक भी प्लास्टिक का टुकड़ा नजर नहीं आएगा। ब्रिगेडियर ने कहा कि आज इनर व्हील, रोटरी क्लब और अन्य सामाजिक संगठन के लोग सफाई अभियान में जुड़े हैं। इन लोगों को सप्ताह का एक दिन तय कर सफाई अभियान चलाना चाहिए।

हर नागरिक ले सफाई की जिम्मेदारी
ब्रिगेडियर संजय खंडपाल ने कहा कि शहर के हर नागरिक की यह जिम्मेदारी बनती है कि वह अपने आसपास के इलाके को साफ रखें। जिस दिन यह भावना हमारे दिल में आ जाएगी, हमारा पूरा शहर साफ रहेगा। आज हम जो काम करेंगे उससे हमारे बच्चों का भविष्य भी बनेगा। उन्होंने कहा कि सफाई सिर्फ एक अभियान नहीं है। इससे हमारा क्षेत्र स्वच्छ होता है और हमारा सेहत भी बना रहता है। उन्होंने बताया कि इस धरती का सबसे खराब वस्तु प्लास्टिक है। यह आपको माउंट एवरेस्ट से लेकर गहरे सागर तक पहुंच गया है। इसकी गंभीरता को हमें समझने की आवश्यकता है।
सफाई कर्मचारी से गले लगा कर ब्रिगेडियर ने बढ़ाया हौसला
ब्रिगेडियर पुरी पार्क में सफाई अभियान के दौरान ब्रिगेडियर संजय खंडपाल ने सफाई कर्मचारियों का भी हौसला बढ़ाया। सफाई कर्मचारियों से उन्होंने कहा कि भारत हमारी माता है और मां की सेवा करना हमारा फर्ज है। यह सेवा भाव समझ कर ही काम होगा। इस दौरान उन्होंने सफाई कर्मचारी को गले भी लगाया।
इनर व्हील क्लब ने बांटा टी-शर्ट
सफाई अभियान के दौरान इनर व्हील क्लब के पदाधिकारियों ने सफाई कर्मचारियों के बीच 30 टी-शर्ट का वितरण किया। इसके अलावा रोटरी क्लब के सदस्यों ने भी सफाई अभियान में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। रामगढ़ चैंबर आफ कमर्स एंड इंडस्ट्रीज की तरफ से इंद्रपाल सिंह सैनी, लाएंस क्लब की तरफ से मनजीत साहनी और शहर के अन्य गणमान्य लोगों ने इस अभियान में शामिल होकर शहर को स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया।
ये भी पढ़िए…..
सांसद निशिकांत दुबे होम अफेयर्स की पार्लियामेंट स्टैंडिंग कमेटी के लिए नामित

