रांची : राज्यसभा सदस्य आदित्य साहू ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार लोगों को बिजली दे, नहीं तो मुख्यमंत्री के घर की बिजली काटेंगे। राज्य में बिजली की लचर व्यवस्था का आरोप लगाते हुए भाजपा ने बिजली वितरण निगम कार्यालय के सामने धरना दिया।
आदित्य ने कहा कि गरीबों के घरों में बल्ब नहीं जलेंगे, तो सीएम के घर में भी उजाला नहीं होना चाहिए। जब बिजली के अभाव में मेधावी बच्चे पढ़ नहीं पाएं, खेतों में काम न हो पाए, कल-कारखाने बंद होने लगे, तब राज्य के मंत्रियों और मुख्यमंत्री को हक नहीं कि वे अपने घरों में बिजली जलाएं। महानगर अध्यक्ष केके गुप्ता के नेतृत्व में हुए धरने में भाजपा नेताओं ने सवाल उठाया कि आखिर पूर्ववर्ती रघुवर सरकार में 24 घंटे बिजली कैसे मिलती थी, और अब सिर्फ चार घंटे ही क्यों? विधायक सीपी सिंह ने कहा कि इस सरकार से न तो बिजली उपभोक्ता खुश हैं और न बिजली कर्मचारी।
इस सरकार को धक्का मारकर गिराने से ही समाधान संभव है। केके गुप्ता ने कहा कि बिजली व्यवस्था नहीं सुधरी, तो मुख्यमंत्री आवास घेरेंगे। धरने को बालमुकुंद सहाय, सुबोध सिंह गुडडू, काजल प्रधान, आरती कुजूर, पवन साहु, सीमा शर्मा, शोभा यादव, जैलेंद्र महतो, संदीप वर्मा, सूर्य प्रभात, आदि ने संबोधित किया। संचालन बलराम सिंह और धन्यवाद ज्ञापन राकेश सिंह ने किया। मौके पर प्रतुल शाहदेव, प्रेम मित्तल, संजय जायसवाल, जितेंद्र सिंह पटेल ,नीरज सिंह, अनिता वर्मा, जॉनी वाकर खान आदि थे।

