
गढ़वा। गढ़वा जिले में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने पुलिस अधिकारी के पैतृक घर को ही निशाना बना डाला। रेहला थाना क्षेत्र के तोलरा गांव में शुक्रवार देर रात चोर सीढ़ी के सहारे घर में दाखिल हुए और अलमीरा व बक्सों को तोड़कर करीब 12 हजार रुपये नकद समेत लाखों रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की शुरुआती कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है।
जिस घर को बनाया निशाना, वह पुलिस इंस्पेक्टर सह गढ़वा थाना प्रभारी सुनील तिवारी का पैतृक घर है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सुबह चोरी की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने आसपास के इलाके में तलाश शुरू की। इसी दौरान दो संदिग्धों को पकड़कर रेहला पुलिस के हवाले किया गया।
रात 3 बजे सीढ़ी लगाकर घर में दाखिल हुए चोर
बताया गया कि चोरों ने रात करीब तीन बजे सीढ़ी लगाकर घर में प्रवेश किया। इसके बाद कमरों में रखी अलमीरा और बक्सों को तोड़ दिया। चोरों ने सामान को इधर उधर बिखेर दिया और नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गए। सुबह जब परिवार के लोगों को घटना की जानकारी हुई तो पूरे गांव में इसकी चर्चा फैल गई।
दो संदिग्धों से पूछताछ, अन्य की तलाश जारी
ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए दोनों संदिग्धों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस चोरी में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए भी छानबीन कर रही है। पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
चोरी गए सामान का पूरा आकलन बाकी
परिवार की ओर से चोरी गए सामान का पूरा आकलन अभी नहीं किया गया है। ऐसे में चोरी की वास्तविक कीमत जांच और सामान के आकलन के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल शुरुआती अनुमान के आधार पर चोरी गए सामान की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है।
प्राथमिकी दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरूआ ने शनिवार को बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और उनके आधार पर चोरी की घटना से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें…………


