
पलामू। सदर अस्पताल पलामू के सामने संचालित रीमा सेवा सदन में रविवार रात प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान अस्पताल में कई गंभीर अनियमितताएं और मरीजों की सुरक्षा से जुड़ी कमियां सामने आईं। इसके बाद सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय पांडेय ने सिविल सर्जन डॉ. अनिल श्रीवास्तव के साथ मिलकर रीमा सेवा सदन को सील कर दिया।
ऑपरेशन कक्ष में मिलीं गंभीर कमियां
जांच के दौरान सबसे चौंकाने वाली स्थिति ऑपरेशन कक्ष की मिली। वहां गंदगी पाई गई। बेहोशी देने के लिए जरूरी व्यवस्था और उपयुक्त कार्यस्थल उपलब्ध नहीं था। ऑपरेशन लैंप के बजाय साधारण जांच लैंप का इस्तेमाल किया जा रहा था।
वहीं ऑपरेशन टेबल बेहद गंदा, क्षतिग्रस्त और फटा हुआ मिला। अधिकारियों के अनुसार, ऑपरेशन कक्ष की यह स्थिति संक्रमण नियंत्रण और मरीजों की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर है।
न डॉक्टर मिले, न जरूरी दस्तावेज
जांच के दौरान परिसर में कोई चिकित्सक या स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं मिला। रीमा सेवा सदन के पास परिसर का वैध किरायानामा भी उपलब्ध नहीं था। इसके अलावा ऑपरेशन कक्ष, भर्ती मरीज और छुट्टी पंजिका तथा संबंधित चिकित्सकों के सहमति और अनुबंध पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेज भी नहीं पाए गए।
जैव चिकित्सा कचरे की व्यवस्था भी मिली खराब
अस्पताल में जैव चिकित्सा अपशिष्ट के उचित निस्तारण की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। उपलब्ध व्यवस्था की वैधता अवधि समाप्त पाई गई। इसके अलावा अग्नि सुरक्षा से संबंधित जरूरी उपकरण और सुरक्षा व्यवस्था का भी अभाव मिला।
इमरजेंसी के लिए भी नहीं थे जरूरी इंतजाम
जांच में यह भी सामने आया कि किसी आपातकालीन चिकित्सकीय स्थिति से निपटने के लिए जरूरी उपकरण, दवाएं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध नहीं थीं। परिसर में बिना वैध लाइसेंस के दवा दुकान संचालित किए जाने की बात भी जांच के दौरान सामने आई।
सीलिंग के समय दो महिला मरीज भर्ती थीं
रीमा सेवा सदन को सील किए जाने के समय वहां दो महिला मरीज भर्ती थीं। दोनों ऑपरेशन के बाद स्वास्थ्य लाभ ले रही थीं। प्रशासन ने दोनों मरीजों को सदर अस्पताल भेज दिया, जहां उन्हें चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।
कई गंभीर कमियां मिलने के बाद प्रशासन ने रीमा सेवा सदन को सील कर दिया। सदर एसडीओ संजय पांडेय ने कार्रवाई की जानकारी दी है।
इसे भी पढ़ें……………..


