
हजारीबाग, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही में शुक्रवार शाम हथियारबंद अपराधियों ने ‘बैंक ऑफ महाराष्ट्र’ की शाखा में बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, अपराधी बैंक के स्ट्रॉन्ग रूम से करीब 6 से 7 करोड़ रूपए मूल्य का 4 किलो सोना और कैश काउंटर से 5 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों और बैंक प्रबंधन के अनुसार, वारदात शाम करीब 4 बजे की है। अपराधी बेहद योजनाबद्ध तरीके से आए थे। बैंक के डिप्टी मैनेजर रौशन सिंह ने बताया कि सबसे पहले दो युवक ‘करंट अकाउंट’ खुलवाने के बहाने बैंक के अंदर दाखिल हुए। उनके पीछे तीन और साथी अंदर आए। अंदर घुसते ही पांचों ने हथियार निकाल लिए और बैंक के सभी कर्मचारियों और वहां मौजूद ग्राहकों को गनपॉइंट पर ले लिया।
अपराधियों ने विरोध करने पर मैनेजर और अन्य स्टाफ के साथ मारपीट भी की। अपराधियों ने पूरी कार्रवाई को महज 20 मिनट के भीतर अंजाम दिया। हथियारों के बल पर सभी को एक कोने में बंधक बनाकर चाबियां छीनीं और सीधे स्ट्रॉन्ग रूम को निशाना बनाया। अपराधियों ने अपने साथ लाए बैगों में ग्राहकों द्वारा गोल्ड लोन के एवज में जमा किया गया करीब 4 किलो सोना भरा और काउंटर पर रखी नकदी समेट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने बैंक परिसर को बाहर से बंद कर दिया, ताकि तत्काल कोई उनका पीछा न कर सके, और इसके बाद आराम से मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद बैंक कर्मियों ने किसी तरह बाहर निकलकर पुलिस को सूचना दी। हजारीबाग रोड पर स्थित यह शाखा महज 7-8 महीने पहले ही खुली थी। इतनी नई शाखा में अपराधियों का सीधे स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंचना बैंक की आंतरिक सुरक्षा पर सवालिया निशान लगाता है। घटना की सूचना मिलते ही हजारीबाग एसपी अमन कुमार और बरही एसडीपीओ अजीत कुमार विमल दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।
हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। बैंक और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बरही के एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने भी बताया कि अपराधियों की पहचान के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
इसे भी पढ़ें………..
झारखंड में मालवाहक वाहन की चपेट में आने से मां-बेटे समेत तीन की मौत

