
बलरामपुर। जिले में 20 मई बुधवार को सभी दवा दुकानें बंद रहेंगी। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट (AIOCD) के आह्वान और छत्तीसगढ़ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन (CCDA) के निर्देश पर यह बंद आयोजित किया जा रहा है। इस संबंध में सोमवार को मां तारा गोपाल हाइट के बोहला दरबार में आयोजित प्रेस वार्ता में औषधि विक्रेता संघ ने कहा कि यह केवल व्यापार का मुद्दा नहीं, बल्कि जन स्वास्थ्य, मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय है।
संघ पदाधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन और भारी डिस्काउंट के माध्यम से दवाओं की बिक्री के कारण नकली दवाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। स्थानीय मेडिकल स्टोरों में पंजीकृत और अनुभवी फार्मासिस्ट मरीजों को दवा संबंधी सही सलाह और आवश्यक मार्गदर्शन देते हैं, जबकि ऑनलाइन दवा खरीद में इस व्यवस्था का अभाव रहता है।
उन्होंने कहा कि ऑनलाइन माध्यम से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) से तैयार फर्जी प्रिस्क्रिप्शन के जरिए नशीली दवाएं मंगाई जा रही हैं, जिससे युवाओं में नशे का खतरा बढ़ रहा है। ऑनलाइन दवा बिक्री में यह सत्यापित करना भी कठिन हो जाता है कि दवा किस डॉक्टर द्वारा लिखी गई है। वहीं स्थानीय दवा दुकानदार साइकोट्रॉपिक, शेड्यूल H1 और नारकोटिक्स दवाओं का पूरा रिकॉर्ड संधारित करते हैं तथा समय-समय पर ड्रग इंस्पेक्टर द्वारा दुकानों की जांच, दवाओं के सैंपल और बिलों की जांच की जाती है। ऑनलाइन बिक्री में ऐसी निगरानी व्यवस्था नहीं होने की बात कही गई।
संघ ने आरोप लगाया कि GSR 817(E) और GSR 220(E) जैसी अधिसूचनाओं का दुरुपयोग कर अवैध रूप से ऑनलाइन दवा बिक्री की जा रही है। इन अधिसूचनाओं को वापस लेने की मांग भी भारत सरकार से की गई है।
बलरामपुर-रामानुजगंज औषधि विक्रेता संघ ने बताया कि जिले के सभी दवा व्यवसायी 20 मई को बंद में शामिल रहेंगे। हालांकि आपात स्थिति को देखते हुए जिले के विभिन्न ब्लॉक मुख्यालयों में कुछ दुकानों को चिन्हित किया गया है, जहां अत्यंत जरूरी परिस्थितियों में दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
संघ ने आम नागरिकों से अपील की है कि आवश्यक दवाएं 19 मई तक ही खरीद लें तथा 20 मई के बंद को सफल बनाने में सहयोग करें। प्रेस वार्ता में डीसीडीए अध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता, लीगल एडवाइजर देवेंद्र उपाध्याय, जनसंपर्क अधिकारी उल्लास सोनी और क्षेत्रीय उपाध्यक्ष हिमांशु गुप्ता उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें…………
क्रशर प्लांट हादसा: स्टोन क्रशर प्लांट में मजदूर की मौत, प्रशासन ने प्लांट किया सील
