बलरामपुर। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच उत्तर प्रदेश से अवैध रूप से धान लाकर जिले में खपाने की कोशिश को प्रशासन ने नाकाम कर दिया। मुखबिर से सूचना मिलने पर उड़नदस्ता टीमों ने चुनापत्थर मार्ग पर दो ओर से घेराबंदी कर 63 बोरी धान से लदी पिकअप जब्त की। इस दौरान चालक वाहन छोड़कर सलवाही के जंगल की ओर भाग निकला।
प्रशासन के अनुसार, उत्तर प्रदेश सीमा से लगे चुनापत्थर मार्ग से पिकअप में धान लाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद दो उड़नदस्ता टीमें सक्रिय हुईं। एक टीम का नेतृत्व जनपद पंचायत के सीईओ रणवीर साय कर रहे थे, जबकि दूसरी टीम में तहसीलदार आई.सी. यादव और मंडी सचिव वीरेंद्र ठाकुर शामिल थे। दोनों टीमों ने अलग-अलग रास्तों पर मोर्चा संभालकर पिकअप का पीछा किया और उसे घेर लिया। खुद को घिरा देखकर चालक वाहन छोड़कर जंगल में फरार हो गया। तलाशी के दौरान पिकअप से 63 बोरी धान बरामद हुआ। वाहन और धान को डिंडो थाना के सुपुर्द कर दिया गया है।
प्रशासन ने बताया कि दूसरे राज्य से धान लाकर अवैध रूप से बिक्री करने पर छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम, 1972 और आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत कार्रवाई की जा सकती है। मंडी अधिनियम की धारा 20 और 23 के तहत जांच, जब्ती और वाहन रोकने के प्रावधान हैं। वहीं, आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 7 के तहत भी दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान है। मामले की परिस्थितियों के अनुसार भारतीय न्याय संहिता की धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित धाराओं में भी कार्रवाई की जा सकती है।
प्रशासन का कहना है कि धान खरीदी का लाभ जिले के वास्तविक किसानों को मिले और बाहरी धान की अवैध आवक पर रोक लगे, इसके लिए सीमावर्ती रास्तों पर उड़नदस्ता टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। कोचियों और बिचौलियों को चेतावनी दी गई है कि दूसरे राज्यों से धान लाकर परिवहन या बिक्री करने की कोशिश पर वाहन जब्ती सहित कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिकों से भी ऐसे मामलों की सूचना प्रशासन को देने की अपील की गई है।
इसे भी पढ़ें….






