रांची। झारखंड के लोहरदगा में समाचार संकलन के दौरान पत्रकार आनंद कुमार सोनी पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना 27 अक्टूबर को अपराह्न करीब पौने तीन बजे की है। हमले में पत्रकार घायल हो गए। उन्होंने इस संबंध में लोहरदगा थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने और हमले में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। आवेदन की एक प्रति पुलिस अधीक्षक को भी सौंपी गई है।
पत्रकार के अनुसार, वह लोहरदगा सदर क्षेत्र के ग्राम निंगनी स्थित सती बांध बच्चा मसना के पास अवैध जुआ के कारोबार से जुड़ी जानकारी जुटाने के लिए गए थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उनके सिर और हाथ में चोटें आईं। आरोप है कि हमलावरों ने पुलिस को सूचना देने या घटना से संबंधित समाचार प्रकाशित करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
अपने आवेदन में आनंद कुमार सोनी ने कहा है कि एक पत्रकार के रूप में जनहित से जुड़े मुद्दों और क्षेत्र में चल रही अवैध गतिविधियों की जानकारी जुटाकर जनता तक पहुंचाना उनका दायित्व है। लेकिन समाचार संकलन के दौरान इस तरह हमला करना और खबर प्रकाशित करने पर धमकी देना गंभीर मामला है। उन्होंने आशंका जताई है कि आरोपित भविष्य में भी उनके साथ कोई अप्रिय घटना कर सकते हैं। इससे उनकी और उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
पत्रकार ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है। उन्होंने आवेदन में कहा है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सुरक्षित कर उसकी जांच की जाए। साथ ही प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों के बयान दर्ज किए जाएं और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाए जाएं। उनके सिर और हाथ में आई चोटों की चिकित्सकीय जांच कर मेडिकल रिपोर्ट को भी जांच का हिस्सा बनाने का अनुरोध किया गया है।
इसके अलावा ग्राम निंगनी के सियारपारा डांड के पास कथित रूप से संचालित अवैध जुआ की गतिविधियों की जांच कर इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। उन्होंने अपनी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा भविष्य में इस तरह की धमकी या हमले की आशंका को देखते हुए आवश्यक कदम उठाने का भी अनुरोध किया है।
पत्रकार पर समाचार संकलन के दौरान हुए इस हमले ने क्षेत्र में पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है।
इसे भी पढ़ें………..






