Browsing: Jharkhand News

हजारीबाग की अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध मौत के मामले में झारखंड हाई कोर्ट ने अहम निर्देश दिया है। अब मामले की जांच DSP रैंक के अधिकारी करेंगे। सोमवार को सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने अदालत को इसकी जानकारी दी। हाई कोर्ट ने जांच में तेजी लाने और 2 नवंबर तक स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है। अनुष्का के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है। मामले की अगली सुनवाई 2 नवंबर को सुबह 11:30 बजे होगी।

झारखंड के लातेहार जिले के डाटम-पाटम फॉल में डूबे दो युवकों के शव करीब 20 घंटे बाद बरामद किए गए। दोनों युवक रविवार को घूमने के लिए फॉल पहुंचे थे। नहाने के दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर जिला प्रशासन ने NDRF की टीम बुलाई। सोमवार को टीम ने दोनों शवों को एक ही स्थान से बरामद किया। मृतकों की पहचान आकिब कुरैशी (21) और आसिफ अंसारी (22) के रूप में हुई है।

रांची में नवजात बच्चे की बरामदगी की मांग को लेकर एक महिला अपने अन्य बच्चों के साथ एसएसपी आवास के बाहर आत्मदाह करने पहुंच गई। महिला का आरोप है कि उसका पति नवजात बच्चे का कथित तौर पर सौदा कर चुका है। बच्चे की पहचान को लेकर डीएनए जांच कराई गई है, लेकिन रिपोर्ट अब तक नहीं आई है। इससे परेशान महिला ने रविवार को मोरहाबादी स्थित एसएसपी आवास के बाहर आत्मदाह का प्रयास किया। सूचना मिलते ही लालपुर थाना पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर समझाया।

झारखंड के पलामू जिले में प्रेम प्रसंग का मामला लगातार दूसरे दिन सुर्खियों में रहा। मनातू थाना क्षेत्र के पदमा सूर्य मंदिर के पास एक युवती करीब 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। वह प्रेमी से शादी कराने की मांग कर रही थी। शनिवार को भी युवती टावर पर चढ़ी थी। नीचे उतरने के बाद उसने प्रेमी पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा गया।

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में अंधविश्वास के चलते 46 वर्षीय रेंदाई सुंबरुई की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, डायन होने के संदेह में चार लोग कथित तौर पर घर में घुसे और महिला पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में महिला की मौत हो गई। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।

रांची के मोरहाबादी मैदान में विजयादशमी पर भव्य रावण दहन हुआ। रावण का पुतला जलते ही जय श्रीराम के जयकारों से मैदान गूंज उठा। भव्य आतिशबाजी और लोगों की भारी भीड़ समारोह के मुख्य आकर्षण रहे।

रामानुजगंज के हाई स्कूल मैदान में विजयदशमी पर करीब 75 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। सागर मोती फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में आतिशबाजी और भजनों के बीच बड़ी संख्या में नगरवासी, आसपास के ग्रामीण और झारखंड से आए लोग शामिल हुए। नगर पालिका अध्यक्ष एवं आयोजन समिति के प्रमुख रमन अग्रवाल ने कहा कि विजयदशमी का पर्व सत्य, धर्म और न्याय की स्थापना के साथ बुराइयों का त्याग कर अच्छाई के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है।

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रामानुजगंज में कन्हर नदी में डूबने से झारखंड के 14 वर्षीय किशोर इरशाद अंसारी की मौत हो गई। वह अपने परिवार के साथ दशहरा मेले में बैलून बेचने आया था। सोमवार दोपहर दो चचेरे भाइयों के साथ नदी में नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया। सूचना मिलने पर पुलिस और गोताखोरों ने तलाश शुरू की। करीब तीन बजे किशोर का शव बरामद किया गया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है।

बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में सात पहाड़ियों की सबसे ऊंची चोटी मालकेतु पर्वत पर विराजमान पहाड़ी वाली माई का मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया है। नवरात्र में छत्तीसगढ़ के अलावा झारखंड, उत्तरप्रदेश और बिहार से भी भक्त दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मान्यता है कि माता के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई मुराद पूरी होती है। मंदिर तक पहुंचने के लिए 296 सीढ़ियां और सीसी सड़क बनाई गई है।