
बलरामपुर। शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय रामानुजगंज में शिक्षकों की कमी का असर अब छात्राओं की पढ़ाई पर पड़ने लगा है। रामानुजगंज के वार्ड क्रमांक 6 के पार्षद एवं जनभागीदारी समिति अध्यक्ष विकास गुप्ता के अनुसार, महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक उपलब्ध नहीं होने से छात्राओं को कक्षा में नियमित अध्यापन के बजाय ऑनलाइन वीडियो और यूट्यूब लेक्चर का सहारा लेना पड़ रहा है। उन्होंने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि, विद्यालय में भौतिक शास्त्र, जीव विज्ञान, अर्थशास्त्र, राजनीति शास्त्र, इतिहास, हिन्दी और संस्कृत जैसे विषयों के शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं। इससे छात्राओं की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी भी प्रभावित होने की आशंका है।
विकास गुप्ता ने बताया कि, पिछले वर्ष भी उन्होंने तत्कालीन कलेक्टर से भौतिक विज्ञान के शिक्षक की व्यवस्था कराने की मांग की थी। प्रशासन की पहल पर पूरे शैक्षणिक सत्र के लिए शिक्षक की व्यवस्था की गई थी, जिससे छात्राओं की पढ़ाई सुचारु रूप से चली। हालांकि शैक्षणिक सत्र 2026-27 शुरू होने के बाद यह व्यवस्था समाप्त हो गई और विद्यालय में फिर शिक्षकों की कमी हो गई।
विद्यालय के प्राचार्य ने भी 2 जुलाई 2026 को जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर विषयवार शिक्षकों की कमी की जानकारी दी थी। पत्र के माध्यम से तत्काल शिक्षकों की व्यवस्था करने का अनुरोध किया गया था, लेकिन अब तक प्रभावी व्यवस्था नहीं हो सकी है।
पार्षद विकास गुप्ता ने कहा कि सरकारी विद्यालय में पढ़ने वाली बेटियों के भविष्य के साथ किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। समय रहते शिक्षकों की व्यवस्था नहीं होने पर सबसे अधिक नुकसान छात्राओं को होगा। उन्होंने नियमित नियुक्ति होने तक अतिथि शिक्षक, प्रतिनियुक्ति अथवा अन्य वैधानिक माध्यम से सभी रिक्त विषयों के शिक्षकों की व्यवस्था कराने की मांग की है।


ज्ञापन के साथ पूर्व में भौतिक विज्ञान शिक्षक की व्यवस्था के लिए दिया गया आवेदन, विद्यालय के प्राचार्य द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी को भेजा गया पत्र तथा शिक्षक के अभाव में छात्राओं द्वारा वीडियो और यूट्यूब के माध्यम से अध्ययन किए जाने के छायाचित्र भी संलग्न किए गए हैं।
विकास गुप्ता ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन छात्राओं के भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए मामले में जल्द सकारात्मक निर्णय लेगा।
इसे भी पढ़ें…….
जेपीएससी धांधली पर नहीं मानी मांगें तो झारखंड पहुंचेंगे जेन-जी युवा, महेंद्र मंडल ने दी बड़ी चेतावनी


