
बलरामपुर, विष्णु पांडेय। जिले के बरियो चौकी क्षेत्र के भेलाई गांव स्थित एक स्टोन क्रशर प्लांट में काम के दौरान हुए हादसे में एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद प्लांट में काम करने वाले मजदूरों ने सुरक्षा इंतजामों की कमी को लेकर प्रबंधन पर सवाल उठाए हैं। साथ ही आरोप लगाया है कि प्लांट में श्रमिकों से जोखिम भरे कार्य बिना पर्याप्त सुरक्षा साधनों के कराए जाते हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार को प्लांट में कार्यरत 20 वर्षीय मजदूर अल्मोन कन्वेयर बेल्ट के पास सफाई कार्य कर रहा था। इसी दौरान ऊपर लगी लोहे की भारी जाली अचानक टूटकर नीचे गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद अन्य श्रमिकों ने गैस कटर और जेसीबी मशीन की मदद से उसे बाहर निकाला।
घायल युवक को पहले स्थानीय स्तर पर उपचार दिलाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे अंबिकापुर मिशन अस्पताल रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सोमवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।
बताया जा रहा है कि मृतक अल्मोन सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत खाराकोना गांव का निवासी था। घटना की खबर मिलने के बाद उसके परिजन देर रात अंबिकापुर पहुंचे। परिजनों के अनुसार, अल्मोन मजदूरी कर परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था।
घटना के बाद एक बार फिर इलाके में संचालित क्रशर प्लांटों की सुरक्षा व्यवस्था चर्चा में आ गई है। स्थानीय लोगों और मजदूरों का कहना है कि कई प्लांटों में श्रमिकों को जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जाते। ऐसे में हादसों का खतरा लगातार बना रहता है।
बरियों चौकी प्रभारी एसआई किरणेश्वर प्रताप सिंह ने बताया कि, मामले में जांच शुरू कर दी गई है। मर्ग कायम कर अंबिकापुर से शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें…………..

