
चेन्नई। एक्टर से नेता बने थलापति C. Joseph Vijay ने रविवार को तमिलनाडु के 9वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर राज्य की राजनीति में नए दौर की शुरुआत कर दी। तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) प्रमुख विजय ने चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस दौरान हजारों समर्थकों की मौजूदगी और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरा स्टेडियम “थलापति” के नारों से गूंज उठा।
टीवीके की सरकार कांग्रेस के समर्थन से बनी है, इसलिए शपथग्रहण समारोह में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी भी खास चर्चा का विषय रही। मंच पर राहुल गांधी और विजय की साथ मौजूदगी को विपक्षी एकजुटता के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। समारोह में कई क्षेत्रीय दलों के नेता, फिल्म जगत की हस्तियां और उद्योग जगत के लोग भी शामिल हुए।
बताया जा रहा है कि सरकार गठन को लेकर पिछले पांच दिनों से लगातार मंथन और राजनीतिक बैठकों का दौर चल रहा था। आखिरकार रविवार को तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला और विजय ने सत्ता की कमान संभाल ली।
वहीं, शपथग्रहण के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर भी तेज हो गया। एनडीए नेताओं ने विजय को मुख्यमंत्री बनने पर शुभकामनाएं दीं, लेकिन साथ ही राहुल गांधी की मौजूदगी पर निशाना साधते हुए इसे “राजनीतिक अवसरवाद” करार दिया। भाजपा नेताओं का कहना है कि कांग्रेस तमिलनाडु में अपनी जमीन बचाने के लिए विजय का सहारा ले रही है।
दूसरी ओर विपक्षी दलों ने विजय सरकार के सामने कई बड़ी चुनौतियां गिनाईं। इनमें बेरोजगारी, उद्योग निवेश, जल संकट, कानून-व्यवस्था और केंद्र-राज्य संबंध सबसे अहम बताए जा रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि फिल्मों में सुपरस्टार रहे विजय के लिए अब असली परीक्षा प्रशासन और जनअपेक्षाओं पर खरा उतरने की होगी।
मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय ने अपने पहले संबोधन में कहा कि उनकी सरकार “जनता की सरकार” होगी और युवाओं, किसानों तथा मध्यम वर्ग के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन और विकास आधारित राजनीति का भी भरोसा दिलाया।
इसे भी पढ़ें……
