
हजारीबाग। हजारीबाग के केरेडारी थाना क्षेत्र में देर रात बाइक सवार दंपती पर अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी कर दी। इस हमले में महिला की मौत हो गई, जबकि पति घायल हो गया। घटना के बाद मामला संदिग्ध मोड़ ले चुका है, क्योंकि परिजनों ने पति की भूमिका पर ही सवाल उठाए हैं।
घटना खलारी-पतरातू मुख्य मार्ग पर साप्ताहिक बाजार के पास की है। राय बस्ती निवासी विकास प्रजापति अपनी पत्नी मंजू देवी के साथ रामगढ़ से खरीदारी कर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में विकास प्रजापति की बाईं बांह में गोली लगी, जबकि मंजू देवी को कनपटी में गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गईं।
अस्पताल में महिला ने तोड़ा दम
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल बचरा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मंजू देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल विकास प्रजापति का इलाज जारी है और उन्हें बेहतर उपचार के लिए रिम्स रेफर किया गया है।
परिजनों ने पति पर जताया संदेह
मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतका के परिजनों ने थाने में आवेदन देकर पति विकास प्रजापति पर ही घटना में संलिप्तता का शक जताया। परिजनों का आरोप है कि विकास की पहले भी शादी हो चुकी थी और वह अपनी पहली पत्नी से लगातार संपर्क में था, जिसका मंजू देवी विरोध करती थीं। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद भी होता था।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हमलावरों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। हेन्देगिर पुलिस पिकेट प्रभारी अजय कुमार भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
दो मासूम बच्चियां हुईं बेसहारा
इस घटना में मंजू देवी की मौत के बाद उनकी दो छोटी बच्चियां बेसहारा हो गई हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
इसे भी पढ़ें………….
चक्कर आना और सिर घूमना एक नहीं, जानें दोनों में क्या है फर्क

