
चतरा। चतरा जिले के हंटरगंज स्थित अनुसूचित जाति आवासीय विद्यालय में एक छात्रा के गर्भवती होने का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की जानकारी मिलते ही छात्रा के परिजन विद्यालय पहुंचे और प्रबंधन के खिलाफ जमकर बवाल काटा।
जानकारी के अनुसार छात्रा जब अपने घर गई, तो उसके माता-पिता ने शारीरिक बदलाव देखकर संदेह जताया। पूछताछ के बाद गर्भवती होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद परिजन आक्रोशित हो उठे और विद्यालय पहुंचकर खूब बवाल काटा। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
हंगामे की सूचना मिलते ही हंटरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस छात्रा और उसके परिजनों को थाने ले जाकर मामले की जांच में जुट गई है। इस घटना ने आवासीय विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इधर विद्यालय प्रबंधन ने अपने बचाव में कहा है कि संबंधित छात्रा नियमित रूप से विद्यालय नहीं आतीथी। हालांकि इस दावे के बावजूद कई सवाल अब भी उपज रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। चतरा की उपायुक्त कृतिश्री ने जांच के लिए एक विशेष कमेटी का गठन किया है। इस टीम में अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, एसडीओ जहूर आलम, सिविल सर्जन सत्येंद्र सिंह, बीडीओ निखिल गौरव, सीओ रितिक कुमार, क्षेत्रीय शिक्षा पदाधिकारी दिनकर कुमार, अंबुजा कुमारी समेत अन्य अधिकारी शामिल हैं।
प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर चर्चा तेज है और लोग सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें…….
रामानुजगंज में बाबा श्याम की भव्य निशान यात्रा, जयकारों से गूंजा नगर

