
नई दिल्ली। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दौरान राहुल गांधी अस्पताल में ही उनके साथ रहे और मां की सेहत को लेकर अपनी चिंता भी जाहिर की।
कांग्रेस पार्लियामेंट्री पार्टी की चेयरपर्सन Sonia Gandhi पिछले दो दिनों से दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में उपचाराधीन हैं। उन्हें पेट और यूरिन संक्रमण की शिकायत के बाद मंगलवार रात अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उनकी देखभाल के लिए उनके बेटे और कांग्रेस सांसद Rahul Gandhi लगातार अस्पताल में मौजूद रहे। राहुल ने सोशल मीडिया के जरिए एक भावनात्मक अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह पूरी रात अपनी मां के कमरे में एक छोटे से सोफे पर ही सोए और उनकी सेहत को लेकर चिंतित रहे।
राहुल गांधी ने बताया कि अस्पताल में एक नर्स की सेवा ने उन्हें काफी सुकून दिया। उन्होंने कहा कि नर्स हर घंटे उनकी मां की जांच करने आती थी, मुस्कुराकर उनका हालचाल लेती थी और उनका हाथ थामती थी, जिससे उन्हें राहत मिलती थी।
उन्होंने आगे कहा कि जब उन्होंने नर्स से पूछा कि क्या वह रात में आराम करती हैं, तो जवाब मिला कि वह पूरी रात काम करती हैं। राहुल ने इस अनुभव के जरिए केरल की नर्सों की सेवा भावना की सराहना की और कहा कि वे देश ही नहीं, दुनिया भर में लोगों की देखभाल कर रही हैं।
मां की तबीयत खराब होने के कारण राहुल गांधी ने अपनी कई राजनीतिक गतिविधियां भी स्थगित कर दीं। वह संसद में आयोजित सर्वदलीय बैठक में शामिल नहीं हो सके और केरल का प्रस्तावित दौरा भी रद्द करना पड़ा। उनकी जगह Mallikarjun Kharge ने कार्यक्रम में भाग लिया, जबकि राहुल ने वर्चुअल माध्यम से संबोधन किया।
अपने संबोधन में राहुल ने सबसे पहले अपनी मां के स्वास्थ्य का जिक्र करते हुए कहा कि हर बेटे की तरह वह भी अपनी मां को लेकर चिंतित हैं, लेकिन अस्पताल में मिल रही देखभाल ने उन्हें कुछ हद तक संतोष दिया है। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में सोनिया गांधी का इलाज जारी है और उनकी सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इसे भी पढ़ें………….
सुबह-सुबह मौत का मंजर: तेज रफ्तार ट्रक ने बस को मारी टक्कर, 10 लोग जिंदा जले

