
कोडरमा। एलपीजी सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और अनियमित आपूर्ति के बीच झारखंड के झुमरी तिलैया शहर में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) लोगों के लिए राहत का जरिया बनती जा रही है। शहर के कई इलाकों में पाइपलाइन के जरिए गैस पहुंचने से अब घरों और होटलों को सिलेंडर के झंझट से मुक्ति मिलने लगी है।
कोडरमा जिले के झुमरी तिलैया शहर में धीरे-धीरे पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) का नेटवर्क फैल रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की निर्भरता से छुटकारा मिल रहा है। घरेलू और व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और समय पर उपलब्धता नहीं होने की समस्या के बीच PNG एक सुरक्षित और सुविधाजनक विकल्प के रूप में उभरकर सामने आया है।
शहर के नवादा बस्ती, चित्रगुप्त नगर, आश्रम रोड, सीडी कॉलोनी, महात्मा गांधी रोड और पुराना बस स्टैंड जैसे क्षेत्रों में पीएनजी की पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। इन इलाकों में कई घरों के साथ-साथ कुछ होटलों में भी पाइपलाइन गैस कनेक्शन शुरू कर दिए गए हैं।
PNG के ऑपरेशन और मेंटेनेंस से जुड़े अधिकारी राहुल कुमार के अनुसार, पाइपलाइन गैस से उपभोक्ताओं को सिलेंडर बुक कराने और गैस एजेंसी के चक्कर लगाने की परेशानी से पूरी तरह छुटकारा मिल जाता है। उन्होंने बताया कि अभी तक शहर में करीब 350 घरेलू और पांच व्यावसायिक कनेक्शन सक्रिय हो चुके हैं। घरेलू कनेक्शन के लिए 6500 रुपये की सुरक्षा राशि निर्धारित है, जिसे उपभोक्ता किस्तों में भी जमा कर सकते हैं।
स्थानीय निवासी और आश्रम रोड की गृहिणी ज्योति देवी बताती हैं कि पहले एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर अक्सर परेशानी होती थी। कई बार सिलेंडर खत्म होने के बाद गैस एजेंसी के बाहर लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ता था। लेकिन घर में पीएनजी कनेक्शन लगने के बाद यह समस्या पूरी तरह खत्म हो गई है। अब सिर्फ रेगुलेटर ऑन करते ही गैस चूल्हा तुरंत चालू हो जाता है और खाना बनाना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है।
PNG का फायदा होटल कारोबारियों को भी मिलने लगा है। शहर के होटल संचालक राजेंद्र मोदी के मुताबिक, हाल के दिनों में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता में कमी आने लगी थी, जिससे होटल संचालन प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई थी। ऐसे में समय रहते पीएनजी कनेक्शन लेने का फैसला काफी फायदेमंद साबित हुआ।
उन्होंने बताया कि अब होटल का कामकाज बिना किसी बाधा के पहले की तरह चल रहा है। होटल से जुड़े करीब 20 कर्मचारियों का रोजगार भी सुरक्षित है। अगर एलपीजी सिलेंडर की कमी के कारण होटल बंद होता, तो यहां काम करने वाले कई लोगों की रोजी-रोटी पर असर पड़ता।
शहर में बढ़ते पीएनजी कनेक्शनों को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में और अधिक इलाकों तक पाइपलाइन गैस की सुविधा पहुंचेगी, जिससे लोगों को सस्ती, सुरक्षित और निरंतर गैस आपूर्ति मिल सकेगी।
ये भी पढ़िए………..

