
पलामू। मेदिनीनगर नगर निगम के कर्मचारियों ने मंगलवार को अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर निगम परिसर में एक दिवसीय भूख हड़ताल और धरना प्रदर्शन किया। यह आंदोलन झारखंड लोकल बॉडीज इम्प्लॉइज फेडरेशन के बैनर तले आयोजित किया गया। कर्मचारियों की पांच प्रमुख मांगों में दैनिक वेतनभोगी कर्मियों का नियमितीकरण, वेतन संरचना में सुधार, सेवा शर्तों में स्पष्टता और व्यवहारिकता, पदोन्नति नीति लागू करना और कार्यस्थल पर सुविधाओं में बढ़ोतरी करना शामिल है।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार ने कई बार आश्वासन दिया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके अलावा कर्मचारियों ने बताया कि वे शहर की साफ-सफाई, जल आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नगर निगम सेवाओं को सुचारू रूप से चलाते हैं, परंतु उन्हें उचित वेतन व सुरक्षा नहीं मिल रही है।
कर्मचारियों की हड़ताल के चलते नगर निगम का सामान्य कामकाज ठप हो गया। विभिन्न विभागों में काम बंद रहने से कार्यालय में पहुंचे लोगों को वापस लौटना पड़ा। बंद काउंटरों और अनुपस्थित अधिकारियों के कारण आम नागरिकों को सेवाओं से वंचित होना पड़ा।
कर्मचारी संघ के अध्यक्ष विशुन राम ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार जल्द समाधान नहीं निकालती है तो वे कार्य बहिष्कार और अनिश्चितकालीन आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे पीछे नहीं हटेंगे।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जब तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। धरना स्थल पर फेडरेशन की मेदिनीनगर इकाई के अध्यक्ष विशुन राम, माना राम, अंकित, मनोज, संजय, कारो, प्रमोद, गोविंद, पवन, कैलाश तिवारी, छोटे लाल गुप्ता, दुलारी देवी, अनिता देवी और अखिलेश राम सहित कई कर्मचारी नेता मौजूद थे।
ये भी पढ़िए………..
बालू के मुददे पर सदन हुआ गर्म, मंत्री ने कहा 374 घाटों पर 100 रुपये प्रति सीएफटी उपलब्ध है बालू
