
रांची। पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से झारखंड का मौसम अचानक बदल गया है। राज्य के कई जिलों में तेज आंधी, मेघ गर्जन और बारिश ने जनजीवन प्रभावित किया है। गिरिडीह में सबसे अधिक 56 मिमी बारिश दर्ज की गई, वहीं रांची समेत कई इलाकों में दिन में ही अंधेरा छा गया।
झारखंड में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट लेते हुए लोगों को चौंका दिया। दोपहर बाद आसमान में घने काले बादल छा गए और कई जगहों पर दिन में ही शाम जैसा नजारा दिखने लगा। राज्य के विभिन्न जिलों में देर रात तक रुक-रुक कर बारिश और गरज-चमक का सिलसिला जारी रहा।
मौसम विभाग के अनुसार रांची में करीब 5 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि गिरिडीह में सबसे अधिक 56 मिमी बारिश हुई। खूंटी, पाकुड़, नामकुम और ईटकी समेत कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी खबर है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
राजधानी रांची में शाम के समय तेज आंधी और बारिश के साथ मौसम और भी बिगड़ गया। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। तेज हवा के कारण कडरू मेन रोड स्थित एक रूफटॉप शेड उड़कर नीचे गिर गया, जिससे वहां खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के अधिकांश जिलों के लिए मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। विशेष रूप से मंगलवार को उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश की संभावना जताई गई है।
पूर्वानुमान के अनुसार 18 से 20 मार्च तक राज्य में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। इस दौरान कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 21 मार्च तक आसमान में बादल छाए रहने और बीच-बीच में तेज हवा चलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह देते हुए खुले स्थानों से दूर रहने, पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
हवाई सेवाओं पर भी असर
खराब मौसम का असर रांची एयरपोर्ट की उड़ानों पर भी पड़ा। मुंबई और बेंगलुरु से आने वाली इंडिगो की दो फ्लाइट्स को रांची के बजाय कोलकाता डायवर्ट करना पड़ा। बाद में मुंबई से आने वाला विमान देर रात रांची पहुंच सका।
इसके अलावा दिल्ली, चेन्नई, भुवनेश्वर और बेंगलुरु के लिए उड़ान भरने वाली कई फ्लाइट्स भी देरी से रवाना हुईं। एक फ्लाइट को रद्द भी करना पड़ा, जिससे करीब 150 यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। मौसम के इस बदले मिजाज ने जहां एक ओर गर्मी से राहत दी है, वहीं तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन पर असर भी डाला है।
ये भी पढ़िए………..
छत्तीसगढ़ के 19 जिलों में गरज -चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी

