
बलरामपुर। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज निवासी युवा अधिवक्ता निराला गुप्ता की मंगलवार सुबह कोरबा जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। कटघोरा थाना क्षेत्र के जटगा मोड़ (केसनिया) के पास तेज रफ्तार टेलर ने ओवरटेक करते समय बाइक सवार निराला गुप्ता को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हेलमेट पहने होने के बावजूद निराला गुप्ता की जान नहीं बच सकी। दुर्घटना के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।
सूचना मिलने पर कटघोरा पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालते हुए जाम खुलवाया और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा भेजा। पुलिस ने मृतक की पहचान रामानुजगंज के वार्ड क्रमांक 15 निवासी निराला गुप्ता पिता रमेश गुप्ता के रूप में की।
कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कटघोरा अस्पताल में कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार निराला गुप्ता कटघोरा से रामानुजगंज स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जटगा मोड़ के पास हादसा हो गया। युवा अधिवक्ता की मौत की खबर से रामानुजगंज में शोक का माहौल है। घटना से परिजनों, अधिवक्ता साथियों और परिचितों में गहरा दुख है।
इसे भी पढ़ें……..
UPI पर शुल्क के विरोध में हजारीबाग के कारोबारियों का धरना, शुल्क मुक्त रखने की मांग


