Browsing: Offbeat News

रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र में एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक ऑटो चालक को एयर गन के साथ हिरासत में लिया है। आरोपित की पहचान गुड्डू उर्फ रवि के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पलामू के पांकी का रहने वाला है। पुलिस को आशंका है कि एयर गन का इस्तेमाल यात्रियों को डराकर लूटपाट करने में किया जा सकता था। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

छत्तीसगढ़ भाजपा की नई प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी पहली बार रायपुर पहुंचीं। 25 और 26 अक्टूबर को वे प्रदेश भाजपा कार्यालय में 12 महत्वपूर्ण बैठकों में शामिल होंगी। इन बैठकों में संगठन की समीक्षा, आगामी रणनीति और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के प्रचार पर चर्चा होगी। उनके साथ सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू भी पहुंचे हैं।

रामानुजगंज के गांधी मैदान में सात दिवसीय रामलीला महोत्सव का शुभारंभ हुआ। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से आए कलाकार भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों का मंचन कर रहे हैं। करीब 10 कलाकारों की यह मंडली छत्तीसगढ़ के कई शहरों में रामलीला प्रस्तुत कर धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ा रही है।

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के सरस्वतीपुर में रेड नदी में डूबने से दो सगे नाबालिग भाइयों समेत चार लोगों की मौत हो गई। शनिवार को नहाने के दौरान दोनों भाई गहरे पानी में चले गए। उन्हें बचाने के लिए नदी में उतरे उनके मौसा और मौसेरे भाई भी तेज बहाव में डूब गए। एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों की मदद से चारों के शव बरामद किए गए।

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में अंधविश्वास के चलते 46 वर्षीय रेंदाई सुंबरुई की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, डायन होने के संदेह में चार लोग कथित तौर पर घर में घुसे और महिला पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में महिला की मौत हो गई। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।

झारखंड के पलामू जिले में सहिया की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर की रात दुर्गा पूजा देखने निकली महिला के साथ लूटपाट और सामूहिक दुष्कर्म किया गया, फिर पहचान उजागर होने के डर से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। मामले में मुख्य आरोपित के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

झारखंड भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने शनिवार को रांची पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मांदर बजाकर आदिवासी कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। रिंग रोड स्थित हवेली बैंक्वेट हॉल में पारंपरिक नृत्य, पुष्पवर्षा और जोहार गमछे के साथ उनका स्वागत किया गया। बैठक में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी रणनीति पर चर्चा होनी है।

सूरजपुर जिले में शिक्षिका रजनी बरेठ और उनके बेटे सुजल की हत्या के मामले में पुलिस ने प्रवेश कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, करीब 20 लाख रुपये के कर्ज और पैसों की जरूरत के चलते पहले महिला से रुपये मांगे गए। इनकार करने पर उनकी हत्या कर दी गई और घटना का खुलासा होने के डर से बेटे को भी मार डाला गया। CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस आरोपित तक पहुंची।

रामानुजगंज में एनएच-343 के निर्माण में देरी और लोगों को हो रही परेशानियों के विरोध में नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने गोपाल फ्यूल के पास चक्काजाम किया। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों और निर्माण कंपनी के प्रतिनिधियों से चर्चा के बाद चक्काजाम समाप्त हुआ।

बलरामपुर जिले के रेवतपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसूता को अस्पताल के बाहर महतारी एक्सप्रेस में बच्चे को जन्म देना पड़ा था। मामले की जांच के बाद स्टाफ नर्स अपूर्वा सिंह भदौरिया को निलंबित कर दिया गया है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।