
पलामू। झारखंड के पलामू जिले में बुधवार रात दो अलग-अलग सड़क हादसों ने तीन परिवारों को उजाड़ दिया। लेस्लीगंज और नावाजयपुर थाना क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से इलाके में दहशत और चिंता का माहौल है।
पलामू जिले में सड़क हादसों की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार रात जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दर्दनाक हादसों में तीन युवकों की जान चली गई, जबकि एक अन्य युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। पहली घटना लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के डबरा गांव की है, जहां मोहम्मगंज निवासी 25 वर्षीय विश्वजीत सोनी उर्फ सूरज सोनी की सड़क हादसे में मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, वह एक दिन पहले अपनी पत्नी के साथ ससुराल आए थे और बुधवार को ट्रेन पकड़ने के लिए मेदिनीनगर जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि जैसे ही वह कार से उतरे, तभी तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवक भी घायल हुए हैं, जिनके बारे में पुलिस को आशंका है कि वे नशे की हालत में थे। पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
दूसरी घटना नावाजयपुर थाना क्षेत्र के पुराने यज्ञशाला के पास हुई, जहां दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों बाइक चालकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान पकरिया गांव निवासी सचिन कुमार (22) और नावाखास निवासी आशीष कुमार (21) के रूप में हुई है। दोनों युवक बाजार से लौट रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रही बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई।
इस दुर्घटना में आशीष का भाई आकाश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से मेदिनीनगर के एमएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में शोक और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना इन हादसों की बड़ी वजह बन रही है।
पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गुरुवार को तीनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। अधिकारी हादसों के कारणों की जांच कर रहे हैं और लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील कर रहे हैं।
ये भी पढ़िए………….
झारखंड में 20 मार्च को ओलावृष्टि व वज्रपात का अलर्ट, 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी आंधी

