रांची/ हजारीबाग। विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग को एक वर्ष 11 महीने इंतजार के बाद नियमित कुलपति नसीब हुआ है। नई दिल्ली के मैदान गढ़ी में स्थित इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी मे प्रोफेसर ऑफ़ एजूकेशन और स्कूल ऑफ़ एजूकेशन में डायरेक्टर पद को सुशोभित कर रहे प्रोफेसर चंद्र भूषण शर्मा को विनोबा भावे विश्वविद्यालय का नियमित कुलपति नियुक्त किया गया है।
विनोबा भावे विश्वविद्यालय के पूर्व प्रति कुलपति प्रोफेसर कुनूल कंदीर को सिद्धू कान्हो मुर्मू विश्वविद्यालय दुमका का नियमित कुलपति नियुक्त किया गया है।
ज्ञात हो कि पिछले एक वर्ष और 11 महीने में विश्वविद्यालय को चार कार्यवाहक कुलपति मिले। इसमें प्रोफेसर अजीत कुमार सिन्हा और प्रोफेसर पवन कुमार पोद्दार बहुत ही सुलझे हुए थे और इन्होंने विश्वविद्यालय में नई ऊर्जा का संचार किया। परंतु आयुक्त कुलपति सुमन कैथरीन किपोट्टा का कार्यकाल विश्वविद्यालय में अंधकार युग का परिचायक बना। इस समय विश्वविद्यालय पूरी तरह से बेपट्री हो गया और विश्वविद्यालय में कॉकस हावी हुआ। प्रो दिनेश कुमार सिंह को बहुत थोड़े ही समय मिले।
इस दौर में राजभवन में पदस्थापित एक न्यायिक पदाधिकारी के साथ विश्वविद्यालय के कॉकस के लोगों ने मिलकर कार्यवाहक कुलपति का एक नया फंडा विकसित किया। रूटिंन कार्य के लिए भी राजभवन से अनुमति लेने की एक अजीबोगरीब व्यवस्था को प्रचलन में लाया गया। विश्वविद्यालय अधिनियम परिनियम की धज्जियां उड़ाई गई। कुलपति जैसे मर्यादित पद को एक आदेश पाल के पद में परिणत करने का भी प्रयास हुआ।
हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए इस पर पहल की और कई दफा राज्य के राज्यपाल सह झारखंड के विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति से मुलाकात की। उन्होंने यथाशीघ्र विनोबा भावे विश्वविद्यालय के नियमित कुलपति की नियुक्ति की मांग की। वर्तमान राज्यपाल श्री संतोष गंगवार ने हजारीबाग संसद के आग्रह पर विश्वविद्यालय में कुलपति नियुक्ति की प्रक्रिया की गति को बढ़ाने का आदेश दिया। शनिवार 3 मई को सिद्धू कान्हो मुर्मू विश्वविद्यालय दुमका के लिए और रविवार 4 मई को विनोबा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति पद के लिए राजभवन में उच्च स्तरीय समिति के साथ अभ्यर्थियों का इंटरेक्शन का दौर संपन्न किया गया।
खबर है कि मंगलवार को शाम 4:00 बजे कुलाधिपति ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ इस बिंदु पर विमर्श किया। उसी के बाद से कयास लगाया जा रहा था कि किसी भी क्षण अधिसूचना जारी हो सकती है। शाम के 5 बजने से ठीक पहले राजभवन सचिवालय ने विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग और सिद्धू कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय दुमका के नियमित कुलपति की अधिसूचना सूचना जारी कर दी।
विनोबा भावे विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने इस अवसर पर हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल को एवं झारखंड के राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष गंगवार को धन्यवाद दिया है।
चंद्रभूषण शर्मा विभावि और कुनूल कंडीर बनीं सिदो कान्हो मुर्मू विवि के कुलपति
रांची। चंद्रभूषण शर्मा विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग के नए कुलपति होंगे। वहीं कुनूल कंडील को सिदो कान्हो मुर्मू विश्वविद्यालय का कुलपति बनाया गया है। चंद्रभूषण शर्मा फिलहाल प्रोफेसर आफ एजुकेशन एंड डायरेक्टर आफ स्कूल आफ एजुकेशन इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी मैदान गढ़ी नई दिल्ली में पदस्थापित हैं। उन्हें स्थाई कुलपति के रूप में विनोबा भावे विश्वविद्यालय तीन साल के लिए लाया जा रहा है। वहीं कुनूल कंडीर यूनिवर्सिटी प्रोफेसर इन रांची यूनिवर्सिटी हैं। वह विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग में प्रतिकुलपति रह चुकी हैं।
ये भी पढ़िए………
पहलगाम हमले को कांग्रेस ने फिर बताया केन्द्र सरकार की असफलता