
पलामू। पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में चर्चित ऑनर किलिंग मामले में पुलिस ने आरोपित पिता अगस्त कुमार महतो को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद मंगलवार को उसे अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इससे पहले मामले में युवती के प्रेमी राजबली मेहता को भी पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
लेस्लीगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि घटना 25 मई को लोहरा गांव में हुई थी। शुरुआती जांच में ही मामला ऑनर किलिंग का प्रतीत हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की।
पुलिस जांच में सामने आया है कि युवती और राजबली मेहता के बीच इंस्टाग्राम के माध्यम से प्रेम संबंध स्थापित हुआ था। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने कथित रूप से गुप्त रूप से विवाह भी कर लिया था। बाद में युवती ने सामाजिक रूप से शादी को मान्यता दिलाने की मांग की, लेकिन राजबली इससे बचना चाहता था।
आरोप है कि युवती से पीछा छुड़ाने के उद्देश्य से राजबली मेहता ने उसकी कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें परिजनों तक पहुंचा दीं। तस्वीरें सामने आने के बाद परिवार में तनाव और नाराजगी बढ़ गई।
पुलिस के अनुसार, तस्वीरों को देखने के बाद पिता अगस्त कुमार महतो बेहद आक्रोशित हो गया। इसी गुस्से में उसने अपनी बेटी की धारदार हथियार से हत्या कर दी और घटना के बाद फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 26 मई को प्राथमिकी दर्ज कर विशेष जांच शुरू की। पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने लगातार छापेमारी कर मुख्य आरोपित पिता को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी (टांगी) भी बरामद कर जब्त कर ली है। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों को केस डायरी में शामिल किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले से जुड़ा एक अन्य आरोपित अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें………
रांची पुलिस का मेगा चेकिंग अभियान: 15 से अधिक स्थानों पर वाहनों और संदिग्धों की जांच

