नई दिल्ली। दिल्ली की तिहाड़ जेल में गैंगवार की घटना सामने आई है। तिहाड़ जेल संख्या-3 में प्रिंस तेवतिया नाम के कैदी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। वहीं, गैंगवार में तीन कैदी घायल हो गए हैं। पुलिस ने बताया कि घायल कैदियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दिल्ली पुलिस की एक टीम तिहाड़ जेल में पहुंची है और जांच कर रही है। पुलिस की निगरानी में कैदियों का इलाज किया जा रहा है। गैंगस्टर प्रिंस तेवतिया दिसंबर में ही तिहाड़ जेल पहुंचा था। इसका गिरोह दक्षिणी दिल्ली में सक्रिय है। इस पर लगभग 16 मामले दर्ज हैं। प्रिंस तेवतिया की हत्या का आरोप रोहित चौधरी गैंग पर लगा है। मृतक के शव को डीडीयू अस्पताल ले जाया गया।
कैदियों के दो गुटों में हुआ गैंगवार
बता दें कि गैंगवार लगभग पांच बजे हुआ है। जेल सूत्रों के अनुसार, दो गुटों में किसी बात को लेकर मारपीट हुई थी। इस दौरान कैदियों के गुटों ने चाकू से वार किया था। जिसमें प्रिंस तेवतिया पर कई वार किए गए थे। चार कैदी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिन्हें डीडीयू अस्पताल ले जाया गया, जहां प्रिंस तेवतिया को मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़िए…
Jharkhand: ईडी की बड़ी कार्रवाई, छापेमारी के बाद 7 लोग गिरफ्तार