
बलरामपुर। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में बीते देर रात यातायात पुलिस ने विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान नो-एंट्री में वाहन प्रवेश के 15 मामलों सहित कुल 21 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 39,200 रुपये का शमन शुल्क लगाया गया।
पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी विमलेश देवांगन के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान नो-एंट्री प्रतिबंधों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर विशेष रूप से ध्यान दिया गया।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को निर्धारित मार्गों और यातायात संकेतों का पालन करने तथा सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की समझाइश दी। विभाग ने स्पष्ट किया कि नो-एंट्री समेत यातायात नियमों का उल्लंघन सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है।
यातायात विभाग ने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है।
इसे भी पढ़ें…….


