
बलरामपुर, विष्णु पांडेय। झारखंड राज्य के गढ़वा जिले के भंडरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मड़ुआ नाल के पास गुरुवार शाम करीब 5 बजे टेंपो और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल रामानुजगंज अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मड़ुआ नाल के पास टेंपो और बाइक के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में टेंपो चालक अफजल अंसारी (23 वर्ष), निवासी रामानुजगंज, के सिर में कई स्थानों पर गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही उनके परिजन भी अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।
वहीं बाइक पर सवार अमरेश सिंह (22 वर्ष) और बृजमोहन सिंह (35 वर्ष), दोनों ग्राम सरायडीह निवासी बताए जा रहे हैं, भी दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बाइक चला रहे अमरेश सिंह का बायां पैर टूट गया है। तीनों घायलों के चेहरे, हाथ एवं शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल रामानुजगंज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए तीनों को रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार दो घायलों को डालटनगंज रेफर किया गया है।
घटना के बाद भंडरिया पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
ये भी पढ़िए………

